तेज रफ्तार ने छीनी दो भाईयों की जिंदगी, तीसरे की हालत गंभीर

10/26/2017 12:19:03 PM

बल्लभगढ (देवेन्द्र कौशिक): हाल ही में शुरु हुए नेशनल हाईवे बल्लभगढ़ फ्लाइओवर पर देर रात दर्दनाक हादसे में दो भाईयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना तब घटी जब तीनों भाई दिल्ली रोड से एक बाइक पर अपने घर की तरफ जा रहे थे और तभी अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर दोनों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों मेें शोक लहर दौड गई। एक ही परिवार के दो भाईयों की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।



बल्लभगढ़ की भगत सिंह कॉलोनी में रहने वाला फिरोज अपने चचेरे भाई आसिफ और फैजान के साथ बल्लभगढ़ की अनाज मंडी के पास अज्जी कॉलोनी में अपने चाचा के घर आ रहे थे। नेशनल हाइवे पर बने पुल से जैसे ही के उतरने लगे तो ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए और हादसे में फैजान और फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार तीनों भाइयों की उम्र लगभग 14 से 15 साल बताई जाती है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शव को अस्पताल में रखवाया तथा चिंताजनक हालत में आसिफ को बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल से सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल में रेफर कर दिया गया।