Bhiwani: बुजुर्ग के शव के अंतिम संस्कार को लेकर दो समुदाय आमने सामने, छावनी में बदला गांव

3/27/2023 3:06:54 PM

भिवानी (अशोक भारद्वाज) : कुछ सालों पहले जो गांव भाईचारे की मिसाल माने जाते थे, वहां भी अब ज़रा ज़रा सी बात पर विवाद बढ़ने लगा है। जिसका ताज़ा उदाहरण ढाणी हरसुख गांव में बढ़ा विवाद है। ज़रूरत है समय रहते इन्हें सुलझाने का, ताकि समाज का तानाबाना और गावों का भाईचारा क़ायम रहे। भिवानी के ढाणी हरसुख गांव में बुजुर्ग के दाह संस्कार को लेकर दो समुदाय आपने सामने आ गए। हालात बिगड़ते देख गांव को पुलिस छावनी में बदला गया। पूरे विवाद का कारण दाह संस्कार शमशान घाट की बजाय नई जगह करना था। 


गांव को बदला गया पुलिस छावनी में 

बताया जा रहा है कि ढाणी हरसुख गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक के परिजन शव का अंतिम संस्कार पूराने शमशान घाट की बजाय नई जगह करने लगे। इसके बाद वहां रह रहे लोगों ने एतराज जताया। उन्होंने कहा कि दाह संस्कार शमशान घाट की बजाय उनके घरों के सामने करना ग़लत है जबकि मृतक के परिजनों की दलील थी कि शमशान घाट कागजों में यहीं है। इसके बाद सूचना पाकर पुलिस बल गांव में पहुँचा। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, पर तनाव बढ़ता रहा। जिसके बाद खुद सदर थाना एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ मौक़े पर पहुंचे। देखते ही गांव को पुलिस छावनी में बदला गया। काफी देर तक दोनों पक्षों को समझाया गया। अंत में काग़ज़ों के आधार पर नई जगह पर ही बुजुर्ग व्यक्ति के शव का दाह संस्कार किया गया। 

मृतक पक्ष के पंच होशियार सिंह ने कहा कि नया शमशान घाट यहीं है। जिसकी इन लोगों ने कुछ दिन पहले चारदीवारी तोड़ दी। आज हम यहां दाह संस्कार करने लगे तो इन्होंने पुलिस बुला ली। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि शमशान घाट पुरानी जगह पर है। आज जो विवाद कर रहे हैं, उन्हीं के परिवार के तीन सरपंचों ने उसी शमशान घाट में बार बार पैसा खर्च किया है। आज जहां दाह संस्कार कर रहे हैं, ये तो गंदे पानी का तालाब है। वहीं इस पूरे मामले पर एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चन्द्र ने बताया कि ढाणी हरसुख गाँव में शमशान की जगह को लेकर दो पक्षों में विवाद था, जिन्हें समझाया गया है। उन्होंने कहा कि कोई लड़ाई झगड़ा नहीं हुआ है और ना ही किसी की तरफ़ से कोई शिकायत दर्ज कराई गई है। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana