भाजपा कार्यालय के बाहर भिड़े दो गुट, जमकर चले लाठी डंडे(Video)

7/30/2018 11:06:08 AM

गुहला-चीका(गोयल): हलका विधायक कुलवंत बाजीगर के निवास पर 2 पक्षों की पंचायत में लाठी, डंडे और ईंटें चल पड़ीं। हालांकि दोनों पक्षों की पंचायत में हलका विधायक तो मौजूद नहीं थे लेकिन विधायक के पारिवारिक सदस्य दोनों पक्षों के मामले को सुलझाने का हरसंभव प्रयास कर रहे थे। जानकारी के अनुसार हलका विधायक कुलवंत बाजीगर के निवास पर 2 पक्ष जो उनकी बिरादरी से संबंधित थे पहले से ही तय सुदा समय अनुसार उनके निवास पर मामले को सुलझाने के लिए पहुंचे।

बताया जाता है कि एक पक्ष टोहाना व दूसरा पक्ष चाबा गांव से पंचायत लेकर आए थे। गांव चाबा की लड़की की शादी टोहाना में कुछ साल पहले हुई थी जिसको लेकर दोनों परिवारों का झगड़ा लंबे समय से चल रहा था। पंचायत से पहले ही हलका विधायक कुलवंत बाजीगर को अचानक घरौंडा रैली में जाना पड़ गया और बाद में दोनों पक्षों में खींचतान हो गई और मामला गाली-गलौच तक होते-होते लाठी, डंडों तक पहुंच गया।

दोनों पक्षों के हुए झगड़े में आधा दर्जन लोगों को मामूली चोटें आई जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। विधायक के निवास पर हुए लड़ाई-झगड़े की सूचना पाकर गुहला पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी बात तो यह है कि जिन लोगों को मामूली चोटें आई थी उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया लेकिन पुलिस में मामला दर्ज होने के भय से अस्पताल से वे लोग एक दम रफूचक्कर हो गए।  
 

Rakhi Yadav