करनाल से अंतर्राज्यीय स्नैचर्स गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

6/12/2018 8:57:25 PM

करनाल(विकास मैहला): हरियाणा पुलिस ने मेरठ रोड, करनाल से अंतरराज्यीय स्नैचर्स गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से करनाल, दिल्ली, हैदराबाद और उत्तर प्रदेश में स्नैचिंग की 31 वारदातों को खुलासा हुआ है। इस संबंध में आज यहां यह जानकारी देते हुए पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहमदगढ़ पुलिस स्टेशन, झिंझाना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश निवासी रामबीर और सूरज के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने हाल ही में करनाल, हैदराबाद, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में की गई कुल 31 वारदातों का खुलासा किया गया है। दोनों आरोपी रेलवे स्टेशनों और आस-पास के क्षेत्रों में खड़ी होने वाली रेल के डब्बे में खिड़की के साथ बैठने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाते थे। आरोपी रामबीर स्नैचिंग के मामले में झांसी में भी पकड़ा गया था और पांच महीने तक झांसी में जेल मेें बंद रहा।

प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को मेरठ रोड करनाल से गश्त के दौरान करनाल पुलिस की एंटी स्नैचिंग टीम ने काबू किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जायेगा। आरोपियों से करनाल में पंजीकृत विभिन्न मामलों के संबंध में बरामदगी की जाएगी।

Shivam