कुएं में गिरी गाय को बचाने उतरे दो युवकों की दम घुटने से मौत(Video)

5/21/2018 10:56:13 AM

फरीदाबाद(अनिल राठी): नेशनल हाईवे स्थित सीकरी गांव में पेट्रोल पंप के पास खुदे एक कुएं में गिरी गाय को बचाने के लिए गए दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। कुएं में गिरी गाय की भी मौत हो गई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवा दिया है। 

मृतक हरिकिशन के पड़ोस में रहने वाले घनश्याम ने कहा कि हरिकिशन उनके गांव में रहता था। जबकि दूसरा युवक पड़ोस के नगला जोगियान गांव में किराए पर रहता था।  हालांकि यह दोनों गाय को कुएं से बाहर निकालने के लिए रास्ते से उतरे थे लेकिन सही समय पर यह बाहर नहीं आ पाए। दोनों युवक और गाय हादसे में काल का ग्रास बन गए। 

मृतक के चाचा बलवंत सिंह ने कहा कि उसकी गाय कुएं में गिर गई थी। उसने वहां खड़ी हाइड्रा गाड़ी चालक से मदद मांगी तो उसने रस्सा बांधकर उसे कुएं में उतार दिया। उसने गाय के गले में रस्सी तो बांध दी लेकिन उसे ऊपर तक लाने में काफी दिक्कत हो रही थी। एक बार बाहर निकलने के बाद वह दोबारा कुएं में गिर गया लेकिन वह कुएं से गाय को बाहर नहीं निकाल पाया। इस दौरान वह बेहोश हो गया। न जाने उसका भतीजा और उसका दोस्त कब कुएं में उतर गए और वहीं दम घुटने से दोनों की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई थी और शवों को कुएं से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल में भिजवाया। मृतक गाय को भी कुएं से बाहर निकाल लिया गया है।

Nisha Bhardwaj