रस्म पगड़ी में शामिल होने जा रहे 2 लोगों की सड़क हादसे में मौत, पेड़ से टकराई गाड़ी

5/6/2017 4:01:47 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट):गांव बहबलपुर के समीप आज एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार एक टाटा एस गाड़ी आज प्रात: पंजाब से फतेहाबाद की ओर आ रही थी। गाड़ी में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थी। बताया जा रहा है कि गांव बहबहलपुर के समीप पहुंचते ही ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण बिगड़ गया अौर गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई।

हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में गाड़ी में सवार सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।  

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान 40 वर्षीय हेमराज व 50 वर्षीय पप्पू को मृत घोषित कर दिया।

गाड़ी में सवार शीलो बाई, छिंदा, नत्थू, मितो, बिंटू, जंटा, उर्मिला व कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घायल जंटा की हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ये लोग फतेहाबाद के स्वामी नगर में किसी रस्म पगड़ी में शामिल होने के लिए आ रहे थे कि यह हादसा हो गया।

वहीं सदर थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।