इनवेस्टर को अगवा कर 15 लाख की डिमांड करने वाले दो पुलिसकर्मी बर्खास्त

1/5/2020 4:12:32 PM

हांसी (संदीप सैनी)- बिजनेसमैन को अगवा कर लाखों रुपये की अवैध वसूली करने के मामले में हांसी जिला पुलिस के एसपी विरेंद्र सांगवान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पुलिस कर्मचारियों को सेवाओं से बर्खास्त कर दिया है। दोनों पुलिस कर्मचारियों पर हिसार के फ्यूचर मेकर कंपनी के इनवेस्टर को नीली बत्ती की गाड़ी में अगवा करके 15 लाख रुपये की डिमांड करने का आरोप है। आरोपित पुलिस कर्मचारियों को विजिलेंस ने अपनी जांच में दोषी पाया था। जिसके बाद एसपी ने कार्रवाई की है।

हालांकि यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। मामला सितंबर 2018 का है। हांसी जिला पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार व भरत सिंह ने अपने दो साथियों हांसी निवासी मनीष व आनंद के साथ मिलकर हिसार के शिव कॉलोनी निवासी हिसार के शिव कालोनी के रविकांत शर्मा को 18 सितंबर की रात नीली बत्ती लगी एक बोलेरो में अगवा कर लिया था। रविकांत फ्यूचर मेकर कंपनी का निवेशक था। रविकांत शर्मा ने विजिलेंस को शिकायत देकर कहा था कि 18 सितंबर की रात नीली बत्ती लगी एक बोलेरो में दो-तीन लोग वर्दी में आए थे। उनके साथ कुछ लोग सादी वर्दी में थे। वे घर से उसका अपहरण कर हांसी, नारनौंद, कैथल की तरफ ले गए थे। पुलिस कर्मचारियों व अन्य युवकों ने रविकांत के साथ मारपीट की थी व 15 लाख रुपये की डिमांग की थी।

फतेहबाद का पुलिस कर्मचारी भी था वारदात में शामिल
फ्यूचर मेकर कंपनी के इनवेस्टर रविकांत को अगवा कर वसूली करने वालों में हांसी पुलिस के तैनात महम निवासी हेड कांस्टेबल भरत सिंह व नियाणा निवासी विनोद कुमार के साथ फतेहाबाद की दरियापुर चौकी के कांस्टेबल आनंद भी शामिल था। पुलिस कर्मचारियों के अलावा हांसी निवासी मनीष कुमार व आनंद भी व्यापारी को अवगा करने के षडयंत्र में शामिल थे। विजिलेंस ने इस मामले में जांच की थी व सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर बुलेरो व पैसे बरामद किए थे। हालांकि चारों के खिलाफ मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है लेकिन विजिलेंस जांच के आधार पर पुलिस विभाग ने हांसी में तैनात एचसी भरत सिंह व विनोद कुमार को बर्खास्त कर दिया है। 

Isha