अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए गोहाना से कुरुक्षेत्र तक चलाई जाएंगी दो स्पेशल बसें

12/3/2021 10:28:40 PM

गोहाना (सुनील जिंदल): कुरुक्षेत्र में मनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए गोहाना रोडवेज सब डिपो प्रबंधन की तरफ से रोजाना दो स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। रोडवेज प्रबंधन की तरफ से गीता महोत्सव के लिए दो बसें रिजर्व रखी गई हैं जोकि यात्रियों की संख्या के अनुसार डिपो से रवाना होंगी। 15 दिसंबर तक स्पेशल बसों को चलाया जाएगा।

गीता महोत्सव में जाने वाले यात्रियों के लिए 50 फीसदी किराया निर्धारित किया गया है, हालांकि जिन यात्रियों को पहले ही किराए में 50 फीसदी की छूट मिल रही है उन्हें यह सुविधा नहीं दी जाएगी। यह बसें गीता महोत्सव के समापन तक चलेंगी जिसको लेकर परिवहन निदेशालय की तरफ से डिपो महाप्रबंधकों को लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं। 

गोहाना डिपो के अधिकारी सुरेंदर ने बताया कि गीता महोत्सव के लिए प्रतिदिन दो बसों संचालन किया जाएगा। इनमें एक बस सुबह आठ बजे तथा दूसरी बस सवारी के हिसाब से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना होगी। वहीं गीता महोत्सव स्थल से यह बसें शाम चार बजे वापस डिपो के लिए रवाना होगी। निदेशालय की तरफ से बसों पर किराये में 50 फीसदी छूट और गीता महोत्सव का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam