बस अड्डे पर भिड़े 2 छात्र गुट, एक घायल

1/20/2017 1:06:44 PM

जींद:सामान्य बस अड्डे पर वीरवार दोपहर 2 छात्र गुट आपस में भिड़ गए। इसमें एक छात्र को चोटें आई हैं। बस अड्डे पर झगड़े की सूचना के बाद पुलिस ने यहां पर भिड़े छात्र गुटों के सदस्यों को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस को छात्र नजर भी आए लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। वीरवार दोपहर बाद बस अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब यहां पर छात्र आपस में भिड़ गए। यहां पर हुए झगड़े में एक छात्र के सिर पर चोटें आई हैं। घायल छात्र को उसके साथी निजी अस्पताल में ले गए। बस अड्डे पर झगड़े की सूचना के बाद यहां पर पुलिस कर्मचारी पहुंचे और आस पास के एरिया में छात्रों की तलाश शुरू की। पुलिस ने बस अड्डे के पास स्थित गांधी नगर में सर्च अभियान चलाया। झगड़े के बाद यह विद्यार्थी इसी कालोनी में थे। पुलिस को देखकर छात्रों ने भागना शुरू किया। पुलिस कर्मचारियों ने एक मीडिया कर्मी की बाइक पर इन छात्रों का पीछा किया लेकिन यह छात्र फिर भी पुलिस के हाथ नहीं लगे।

 

नहीं पहुंचा कोई बाइक राइडर
वीरवार को हुए झगड़े के बाद कोई भी बाइक राइडर यहां नहीं पहुंचा। 2 पुलिस कर्मचारी पैदल ही बस अड्डे तक विद्यार्थियों के पीछे दौड़े। विद्यार्थी झगड़े के बाद बस अड्डे के पास की गांधी कालोनी में घुस गए। लिफ्ट मांगकर पुलिस कर्मियों ने इन छात्रों को पकड़ने के प्रयास किए लेकिन यह विद्यार्थी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। 

 

बस अड्डे पर फैली दहशत
सामान्य बस अड्डे पर झगड़े के बाद दहशत फैल गई। दोपहर के समय में भारी संख्या में विद्यार्थी बस अड्डे पर पहुंचते हैं। इसमें छात्राओं की संख्या ज्यादा होती है जिस समय झगड़ा हुआ, उस समय यहां पर भारी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं। 

 

पहले भी हो चुके हैं झगड़़े
ऐसा नहीं है कि बस अड्डे पर वीरवार को ही झगड़ा हुआ है। इससे पहले भी सामान्य बस अड्डे और इसके आस पास के एरिया में झगड़े होते रहे हैं। पुलिस ने यहां पर चौकी भी बनाई है लेकिन इसके बाद भी बस अड्डे पर झगड़े रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। झगड़ों में कई छात्र घायल होते हैं लेकिन आपसी विवाद के चलते विद्यार्थी निजी अस्पताल में ही इलाज करवाते हैं।

 

पुलिस गश्त बढ़ाए प्रशासन:देशवाल
हरियाणा मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष बलराज देशवाल ने कहा कि सामान्य बस अड्डे पर हर रोज सैंकड़ों लोग आते हैं। यहां पर पुलिस चौकी बनी है, यहां पर पर्याप्त पुलिस कर्मचारी नहीं हैं। इसके अलावा समय-समय पर विद्यार्थियों के बस्ते चैक किए जाएं। ज्यादातर विद्यार्थी बैग में तेजधार हथियार और अन्य सामान रखते हैं। यदि पुलिस निरंतर इस तरह का अभियान चलाएगी तो बस अड्डे पर झगड़े की वारदातें काफी कम होंगी। उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे लगाए गए हैं लेकिन फिर भी विद्यार्थी आपस में टकरा रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि बस अड्डे पर स्थायी तौर पर पी.सी.आर. तैनात की जाए।