झील में डूबने से हुई 2 युवकों की मौत, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे दोनों

8/23/2021 9:23:15 AM

फरीदाबाद (ब्यूरो) : अरावली में गांव अनंगपुर के पास कृत्रिम झील में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। इससे पहले भी झील में कई युवक डूब चुके है। प्रशासन झील के पास न जाने के लिए कई बार चेतावनी भी जारी कर चुका है। लेकिन फिर युवक झील की तरफ आ जाते है। 

मृतकों में शिव दुर्गा विहार लकड़पुर निवासी जयकृष्ण तिवारी का बेटा पंकज तिवारी और उनके पड़ोसी जगदीश चंद का बेटा कुलदीप सिंह हैं। दोनों की उम्र करीब 24 साल है। दोनों युवक ग्रेजुएशन के बाद सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे थे। जयकृष्ण और जगदीश चंद की शिकायत पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने पंकज और कुलदीप के दो दोस्तों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को बताया कि उनके बेटे पंकज तिवारी और कुलदीप सिंह शनिवार शाम तीन बजे से लापता थे। वे दोनों अपने आप पहले बेटों की तलाश कर रहे थे।

इसी दौरान उन्हें सूरजकुंड थाने से सूचना मिली कि उनके बेटे झील में डूब गए हैं। वे थाने पहुंचे तो पुलिस ने पुल प्रहलादपुर दिल्ली निवासी अमन सूद और लाल कुआं दिल्ली निवासी परितोष से उनकी मुलाकात कराई। उन दोनों ने बताया कि वे कुलदीप और पंकज के दोस्त हैं। वे चारों झील में नहाने गए थे। नहाते वक्त कुलदीप और पंकज झील में डूब गए। पुलिस ने एनडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से रविवार को दोनों युवकों के शव झील से ढूंढ निकाले। जयकृष्ण तिवारी और जगदीश चंद ने संदेह जताया है कि उनके बेटों को उनके दोस्त अमन सूद और परितोष ने बुलाया। इसके बाद झील में डुबोकर मार दिया है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Manisha rana