हरियाणा में शरण तलाश रहे हैं यू.पी. के गैंगेस्टर!

7/9/2020 8:29:15 AM

चंडीगढ़ (अविनाश पांडेय) : कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद योगी सरकार के सख्त रुख से अब उत्तर प्रदेश के गैंगेस्टर पड़ोसी राज्यों में शरण तलाश रहे हैं। फरीदाबाद में कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दूबे के खास गुर्गे सहित 3 आरोपियों को दबोचने के बाद अब हरियाणा पुलिस भी अलर्ट पर है। हालांकि बार्डर क्षेत्र में पहले से ही सी.सी.टी.वी. कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है लेकिन अब नाका लगाकर भी बाहर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जाएगी।

यू.पी. की सीमा हरियाणा के कई जिलों से जुड़ी है जिसमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत के अलावा फरीदाबाद व पलवल शामिल हैं। फरीदाबाद जिले में पुलिस कमिश्नर ओ.पी. सिंह ने पुलिस अफसरों को खास हिदायत जारी की है। वहीं,अन्य जिलों के पुलिस अफसरों को भी सख्ती बरतने के आदेश दिए गए हैं। इस पर पुलिस के उच्चाधिकारियों ने कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन अफसरों की मानें तो रुटीन में ही सीमावर्ती जिलों को सीमा पर खास नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।

अमर दूबे ने भी फरीदाबाद में बनाया था ठिकाना
कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दूबे का दाहिना हाथ कहे जाने वाला अमर दूबे भी 2 दिन तक फरीदाबाद में ही शरण लिए था। पुलिस सूत्रों की मानें तो 2 दिन पहले ही फरीदाबाद से यू.पी. की ओर गया था जहां बुधवार सुबह एस.टी.एफ. की मुठभेड़ में मार गिराया गया। बताया गया कि विकास दूबे व उनके गुर्गों के कई नजदीकी रिश्तेदार फरीदाबाद में रहते हैं और उन्हीं लोगों ने उन्हें शरण दी थी। 

बाहरी बदमाशों को हरियाणा में नहीं घुसने देंगे : विज
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि यू.पी. सहित अन्य राज्यों के बदमाशों को प्रदेश में नहीं घुसने दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस को खास आदेश दिए गए हैं। प्रदेश में बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में पुलिस अधीक्षकों को बदमाशों को पकडऩे के सख्त निर्देश जारी किए जाएंगे।

Edited By

Manisha rana