अपनी ही फेसबुक पर यह क्या लिख गए उदयभान, देखने वाले भी रह गए हैरान

12/21/2022 3:01:17 PM

डेस्क: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज हरियाणा में प्रवेश कर गई। मुंडका बॉर्डर से हरियाणा में यात्रा के आगमन पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। जनता के प्यार को देखकर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान इतने गदगद हो गए कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा लिख दिया कि जिससे विरोधियों को उनकी चुटकी लेने का एक मौका मिल गया। उन्होंने गलती से यह लिख दिया राहुल गांधी के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा और उदयभान के प्रति लोगों में भारी रोष नजर आ रहा है। इसके बाद यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया। 

 

 

जोश को रोष लिखकर ट्रोल हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

 

अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट शेयर करते हुए उदय भान ने लिखा कि, “दीपेंद्र हुड्डा जी ने कहा कि पहाड़ से ठंडी हवाओं का असर हरियाणा में भी नजर आएगा उनका इशारा है कि जिस तरह से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है उसी तरह से हरियाणा में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी यात्रा में राहुल गांधी के साथ-साथ पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा दीपेंद्र हुड्डा और उदय भान के प्रति लोगों में भारी रोष नजर आ रहा आ रहा है ।”

 

 

गलती का अहसास होते ही पोस्ट को किया ठीक

 

उदयभान ने जैसे ही यह पोस्ट शेयर की तो सोशल मीडिया में उनकी यह पोस्ट वायरल हो गई। अपनी गलती का अहसास होते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पोस्ट को एडिट किया और रोष की जगह जोश लिखकर उसे ठीक किया। बता दें कि 100 दिन से अधिक की यात्रा पूरी करने के बाद राहुल गांधी आज हरियाणा पहुंचे हैं, जहां प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में तीन दिन तक रहेगी। तीन दिन हरियाणा में रहने के बाद 24 दिसंबर की सुबह भारत जोड़ो यात्रा बदरपुर बॉर्डर के जरिए दिल्ली में प्रवेश करेगी। वहीं इसके बाद उत्तर प्रदेश कवर करने के बाद यात्रा दूसरे चरण में एक बार फिर प्रदेश में प्रवेश करेगी। हरियाणा में यात्रा के प्रवेश के समय राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहे। मुंडका बॉर्डर से यात्रा की मेजबानी हरियाणा को सौंपी गई।  

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Gourav Chouhan