कोख के कातिलों पर शिकंजा, अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालक और आशा वर्कर गिरफ्तार

5/22/2018 3:26:29 PM

सोनीपत(पवन राठी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की धरती से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान को पीएनडीटी सोनीपत की टीम अमली जामा पहनाने में लगी है। सोनीपत की पीएनडीटी की टीम ने आज उत्तर प्रदेश के बागपत में अवैध रूप से चल रहे एक लिंग जांच केंद्र का भंडाफोड़ कर संचालक नरेश राणा और पिंकी आशा वर्कर को गिरफ्तार किया है। 

डॉक्टर आदर्श शर्मा को लगातार कई महीनों से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में स्थित मनीष अल्ट्रासाउंड केंद्र में लिंग जांच की सूचना मिल रही थी। जिस पर आज उन्होंने एक महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर पिंकी नामक आशा वर्कर के साथ मनीष अल्ट्रासाउंड केंद्र भेजा। जहां पर उसने अल्ट्रासाउंड करवाने की 12 हजार रुपए की रकम उसे दी। फर्जी ग्राहक से इशारा मिलने के बाद टीम ने आगामी कार्रवाई करते हुए आशा वर्कर पिंकी और अल्ट्रासाउंड संचालक मनीष को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया। आशा वर्कर पिंकी ने बताया कि अल्ट्रासाउंड के संचालक ने लिग जांच करने के 8 हजार मांगे थे और इशारे से ये बताया था कि इस महिला को लड़का है। 

सोनीपत की पीएनडीटी लगातार लिंग जांच करने वालों पर छापेमारी कर रही है और जिसके चलते सोनीपत के लिंगानुपात में बढ़ोतरी हुई है। जिसके चलते सोनीपत प्रशासन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मानित भी किया है।
 

Nisha Bhardwaj