सोनीपत: भतीजे को मौत के घाट उतारने वाला चाचा गिरफ्तार, अन्य आरोपी अभी भी फरार

8/21/2022 2:39:24 PM

सोनीपत(सन्नी): जिले के टांडा गांव में एक चाचा द्वारा अन्य लोगों के साथ मिलकर भतीजे की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसी के साथ देर रात आरोपी चाचा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में युवक की पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद सोनीपत पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।

 

दुकान पर चोरी का आरोप लगाकर चाचा ने की थी मारपीट

 

बता दें कि गांव टांडा के रहने वाले अशोक नाम के एक शख्स की कुछ युवक वीडियो में बेरहमी से पिटाई कर रहे थे, जिसके बाद अशोक ने घर पर ही दम तोड़ दिया। इस हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ। मामले की गंभीरता से जांच करने पर पुलिस ने पाया कि अशोक अपने चाचा की दुकान पर गया था। इसके बाद आरोपी चाचा ने अपने साथियों के साथ मिलकर  अशोक की यह कहकर बेरहमी से पिटाई की थी कि अशोक ने उसकी दुकान से पैसे चुराए हैं।  इस पूरे मामले में पुलिस ने अब उसके चाचा सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस हत्याकांड में सिकंदर के साथ शामिल उसका बेटा और अन्य साथी अभी फरार चल रहे हैं। बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

 

आरोपी चाचा के बेटे समेत अन्य आरोपियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस

 

राई थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि गांव टांडा के रहने वाले अशोक नाम के एक शख्स की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई थी। इस मामले में उसके चाचा सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सिकंदर ने अशोक पर चोरी का आरोप लगाते हुए आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्डों के साथ मिलकर इस कांड को अंजाम दिया था। यही नहीं इस हत्याकांड में सिकंदर का बेटा भी शामिल था। उन्होंने कहा कि इस मामले में सिकंदर को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहनता से पूछताछ कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तारी किया जा सके।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan