बेखौफ युवकों की शर्मनाक करतूत, दिव्यांग को चलती ट्रेन से दिया धक्का

7/1/2017 1:34:47 PM

अम्बाला शहर (कमल प्रीत):चंडीगढ़-अम्बाला रेलमार्ग पर माडल टाऊन क्रासिंग के पास 3 युवकों ने एक दिव्यांग से लूटपाट के बाद उसे ट्रेन से धक्का दे दिया। उसे गंभीर चोटें आई हैं। मामले की शिकायत उसने थाना जी.आर.पी. को दी है। जी.आर.पी. ने उसके बयान दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद का रहने वाला उपेन्द्र चंडीगढ़ अपने निजी काम से आया था। वह चंडीगढ़ से केरल जाने वाली चंडीगढ़-केरल क्रांति ट्रेन में सफर कर रहा था। इसी दौरान 3 युवकों ने ट्रेन का डिब्बा बंद करके उससे मारपीट शुरू कर दी।

इतना ही नहीं, गला दबाकर उसे मारने तक की कोशिश की गई। इसके बाद बदमाशों ने उससे मोबाइल व पैसे छीनकर लात मारकर चलती ट्रेन से बाहर धकेल दिया। वह बुरी तरह घायल हो गया। किसी ने उसे देखा तो लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

एम.एल.आर. के लिए नहीं थे 100 रुपए तो नहीं मिला बैड
सिविल अस्पताल में पहुंचने के बाद डाक्टर्स ने उसे प्राथमिक उपचार तो दे दिया लेकिन उसे बेहतर इलाज नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, डॉक्टरों की ओर से पुलिस को भी इसलिए सूचित नहीं किया गया क्योंकि उपेन्द्र के पास एम.एल.आर. कटवाने के लिए 100 रुपए नहीं थे। अस्पताल में उसे बैड तक नसीब नहीं हुआ और लावारिस छोड़ दिया गया। गंभीर हालत में ही वह काफी देर तक अस्पताल में कुर्सी पर लेटा रहा। 

मीडिया की भूमिका रही सराहनीय
लेकिन जब मामला इलैक्ट्रोनिक मीडिया के एक रिपोर्टर के संज्ञान में आया तो इस बारे जी.आर.पी. को सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई लेकिन यहां भी उपेन्द्र काफी तलाशने के बाद एक कुर्सी पर लेटा मिला। इसके बाद उसे इलाज के लिए बैड पर लिटाया गया। जी.आर.पी. थाना प्रभारी रामबचन का कहना है कि मामले को लेकर कार्रवाई जारी है।