अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, 1 की मौत, 3 घायल

12/16/2019 9:30:00 AM

अम्बाला शहर (पंकज) : हिसार-चंडीगढ़ बाईपास हादसों का कारण बनता जा रहा है। वाहन चालकों की जान की सुरक्षा को ध्यान में न रखते हुए प्रशासन ने बिना किसी पुख्ता इंतजाम किए बाईपास शुरू कर दिया जोकि वाहन चालकों की जान पर आफत बन गया है। नए बाईपास पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक मामला रविवार देर शाम को देखने को मिला जहां पिहोवा से चंडीगढ़ जा रहे लोगों की कार आगे अचानक गाय आ गई। 

इसके चलते कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से लगती हुई पलट गई। राहगीरों की मदद से घायलों को शहर के सिविल अस्पताल की एमरजैंसी में पहुंचाया जहां डाक्टर ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि 1 घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया। अन्य 2 घायलों को अस्पताल में भर्ती कर लिया। जानकारी के अनुसार पिहोवा निवासी अमित (21), अजय (22), सूरज (20) व रवि (22) रविवार देर शाम को अपनी कार वेरना में चंडीगढ़ जा रहे थे।

जब उनकी कार नग्गल थाना क्षेत्र के अधीन आने वाले गांव सैनी माजरा के पास पहुंची तो कार के सामने अचानक गाय आ गई। इसके चलते कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच डिवाइडर से टकराकर पलट गई। स्थानीय निवासियों का तांता लगने से रोड पर यातायात भी अवरुद्ध हो गया।

एमरजैंसी में डाक्टर ने अजय को मृत घोषित कर दिया। रवि को पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर किया है। सूरज बेसुध हालत में है, जबकि अमित अस्पताल में उपचाराधीन है। एस.एच.ओ. नग्गल थाना धर्मवीर सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, पुलिस जांच में जुटी है।

Isha