पौधागिरी कार्यक्रम के तहत प्रदेश में लगेंगे 30 लाख पौधे

7/21/2019 9:52:20 PM

भिवानी(अशोक): पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के उद्देश्य से आज भिवानी में जिला प्रशासन द्वारा पौधागिरी कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इस मौके पर स्कूली बच्चों को वन विभाग हरियाणा द्वारा पौधों का वितरण किया गया। पौधारोपण अभियान की शुरूआत भिवानी के उपायुक्त सुजान सिंह एवं जिला पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया ने पेड़ लगाकर की। इस अभियान के तहत हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री के आदेश पर 30 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उपायुक्त सुजान सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पौधागिरी अभियान को जल शक्ति अभियान से जोड़ा गया है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक हरियाली करके न केवल वातावरण का सुधारना है, बल्कि वर्षा लाने में पेड़ों की भूमिका को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री के आदेशों पर प्रदेश भर में 30 लाख पौधें लगाएं जाएंगे।

भिवानी जिले में प्रथम चरण में 85 हजार पौधों का वितरण किया जा रहा है। ये पौधें छठी से 12वीं तक के बच्चों में भी वितरित किए जा रहे हैं, ताकि स्कूली बच्चें इन पौधों को न केवल, रोपण करें, बल्कि इनकी देखभाल कर वृक्ष बनाएं। जिला प्रशासन पौधों की देखरेख व रोपण करने वाले बच्चों को भविष्य में पुरस्कृत भी करेगा।

उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा विभिन्न सरकारी व सार्वजनिक स्थानों के अलावा गैर सरकारी भूमि पर भी पौधारोपण किया जा रहा है। यह अभियान एक जुलाई से शुरू हुआ था, जो 15 सितंबर तक प्रदेश में चलेगा।

Shivam