पुलिस से बेखौफ अपराधी, 14 घंटे में 2 हत्या से दहली सी.एम. सिटी

2/12/2020 2:11:07 PM

करनाल (काम्बोज) : सी.एम. सिटी में अपराधी पुलिस से बेखौफ हैं। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह दिन-दिहाड़े गोली मार कर फरार हो रहे हैं। मगर पुलिस चालान काटने में ही व्यस्त है। मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे 3 से 4 हथियारबंद बदमाश कार में सवार होकर आए और घोघड़ीपुर गांव के बाहर बने फार्म में व्यक्ति को गोली मार कर फरार हो गए। हत्या की इतनी बड़ी वारदात को अपराधी चंद मिनटों में अंजाम देकर फरार हो गए और पुलिस हर बार की तरह वारदात के बाद ही मौके पर पहुंच जांच करने की बात कहती दिखाई दी।

सवाल उठ रहा है, जब सी.एम. सिटी में ही कानून व्यवस्था के ये हालात हैं, तो प्रदेशभर में कानून व्यवस्था कैसी होगी। सी.एम. सिटी में 14 घंटे के अंदर-अंदर 2 हत्याएं हुई हैं। जिसमें एक हत्या घोघड़ीपुर के व्यक्ति की गोली मारने से हुई, जबकि दूसरी निगदू के खेतों में सो रहे व्यक्ति की गर्दन काट कर हुई है।  

पिछले 2 वर्षों में हत्या के मामले 
वर्ष 2018 में हत्या के 73 मामले सामने आए थे, जबकि वर्ष 2019 में हत्या के 62 मामले सामने आए। वहीं, शस्त्र अधिनियम के वर्ष 2018 में 62 मामले, जबकि 2019 में 64 मामले सामने आए हैं। हत्या के मामलों में तो गिरावट आई है, मगर अवैध हथियार के मामलों में बढ़ौतरी हुई है।   

कहां से आए अवैध हथियार
करनाल पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करती है, मगर अपराधी अवैध हथियारों के साथ इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल जाते हैं। सवाल उठ रहा है अपराधियों के पास अवैध हथियार कहां से आए। अब तक हत्या जैसी जितनी भी बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, ज्यादातर में अवैध हथियार ही इस्तेमाल हुए हैं।  

कानून व्यवस्था का बुरा हाल : पूनिया
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य पंकज पूनिया का कहना है कि सी.एम. सिटी में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। सरेआम गोलियां मार कर हत्या की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। अपराधियों में पुलिस का बिल्कुल भी खौफ नहीं है। सी.एम. को इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।   

Isha