केंद्रीय बजट से व्यापार बढ़ने की बजाय घटेगा: बजरंग दास गर्ग

2/14/2022 12:37:16 PM

जींद : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस केंद्रीय बजट को देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने वाला बता रहे हैं, हकीकत में उससे देश और प्रदेश में व्यापार बढ़ने की बजाय घटेगा। उन्होंने कहा कि व्यापार और अर्थ व्यवस्था की मजबूती के लिए करों में रियायत मिलनी चाहिए थी। कर कम होते तो व्यापार और अर्थ व्यवस्था को नई रफ्तार मिलती लेकिन केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट में व्यापारियों के हित में एक भी कदम नहीं उठाया है।

गर्ग ने हरियाणा में निजी क्षेत्र में प्रदेश में युवाओं को 75 प्रतिशत आरक्षण के मसले पर कहा कि पहले हरियाणा में नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करवाई जाएं। व्यापारियों और उद्योगपतियों को सस्ते रेट पर जमीन दी जाए, बिजली पर सबसिडी दी जाए और करों में छूट दी जाए। पिछले 2 साल में सरकार ने इस दिशा में कुछ नहीं किया है। इस कारण हरियाणा में नए उद्योग आने की बजाय उद्योगपति हरियाणा से पलायन कर रहे हैं। व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मसले पर गर्ग ने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी प्रमुख चौक और चौराहों पर प्रदेश में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगवाए जाएं। पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana