केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया राहुल गांधी पर कटाक्ष, बोले - विदेशों की यात्रा करने वाले को सड़क पर यात्रा करने पर किया मजबूर

2/28/2023 7:56:08 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जो लोग विदेशों की यात्रा करते थे हमने उन्हें सड़क पर यात्रा करने के लिए मजबूर कर दिया है। भूपेंद्र यादव आज रोहतक में बाबा मस्त नाथ मठ में आयोजित कुश्ती दंगल में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे। यही नहीं, उन्होंने हरियाणा और केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाने की भविष्यवाणी भी कर दी है।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हमारे कामों ने विदेशों में यात्रा करने वालों को सड़कों की यात्रा करने पर मजबूर कर दिया है। उन्हें पता होना चाहिए कि भारत का गौरव क्या है, भारत की संस्कृति क्या है और भारत की भूमिका क्या है। उस भूमिका को आगे बढ़ाने के लिए हमें कैसे काम करना है।  इसलिए हमने इस बार बजट में सात आयाम तय किए हैं। महिलाओं के लिए 81 लाख सेल्फ एड ग्रुप को मजबूत करेंगे, युवाओं के लिए कौशल विकास के नए अवसर पैदा करेंगे, गति शक्ति जैसे कार्यक्रमों से भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करेंगे, भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का काम करेंगे। संगठन जैसे विषयों को आगे बढ़ाना है। हरियाणा को भी किसान जवान और पहलवानों के नाम से जाना जाता है।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजनीतिक संगठन का अर्थ लगातार अपने साथ लोगों को जोड़कर अच्छी सरकार चलाने की ताकत पैदा करना है। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अच्छी सरकार चलाने की राजनीतिक संस्कृति विकसित की है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि केंद्र और हरियाणा में तीसरी बार उनकी सरकार बनने जा रही है। अच्छी सरकार चलाने के लिए लोगों के मन में यह विश्वास पैदा करना जरूरी होता है कि जिसके हाथ में बागडोर दी है वह ईमानदार है। हरियाणा और केंद्र में जो बागडोर है वह उस पर खरा उतरती है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan