निकाय कर्मियों के समर्थन में लामबंद हुईं यूनियनें

5/21/2018 9:30:36 AM

चंडीगढ़(पांडेय): शहरी स्थानीय निकाय विभाग के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को भी जारी रही। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने सरकार के सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने के दावों को सच्चाई से कोसों दूर बताया। 

उन्होंने बताया कि 30 हजार सफाई कर्मचारी पूरे संसाधनों के साथ सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से कर नहीं पा रहे थे तो क्या सैंकड़ों ठेका कर्मचारी व तथा कथित समाज सेवी सफाई व्यवस्था पटरी पर लाने का दावा कर सकते है। वह कुछ कूड़े के ढेर उठवाते हुए फोटो खिचाकर अपने आकाओं को खुश तो कर सकते है लेकिन सफाई व्यवस्था ठीक नहीं कर सकते। भाजपा नेताओं की सफाई के बाद भी शहरों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

भाजपा विधायकों के निवास पर घंटा बजाएंगे सफाई कर्मी 
नरेश शास्त्री व सकसं के महासचिव सुभाष लाम्बा ने बताया कि पालिका के हड़ताली कर्मचारी सरकार को जगाने के लिए 23 व 24 मई को भाजपा के विधायकों के आवासों पर घंटा बजाते हुए प्रदर्शन किए जाएंगे और 25 मई से हड़ताली कर्मचारी नगर निगमों, परिषदों व पालिकाओं पर 24-24 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनीपत में निकाय विभाग की मंत्री के पति व डी.सी. की मौजूदगी में भाजपा व उसके सहयोगी संगठनों के लोग जैली व फरसे लेकर आते है और हड़ताली कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते है और मौके पर मौजूद भारी पुलिस के नोटिस मे देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती है। 

इससे सरकार की मंशा स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने बताया कि सरकार पुलिस दमन व सरकार के गुंडों के दम पर हड़ताल को निपटाना चाहती है। लेकिन इसमें सरकार को सफलता नहीं मिलेंगी। उन्होंने दो टूक कहा जब तक निकाय कर्मचारियों की एक-एक मांग का समाधान नहीं होगा हड़ताल जारी रहेगी।

रोडवेज यूनियन ने किया समर्थन 
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के वरिष्ठ नेता इंद्र सिंह बधाना, विरेंद्र सिंह धनखड़, सरबत सिंह पूनिया व पहल सिंह तंवर ने संयुक्त बयान में कहा हरियाणा सरकार नगरपालिका कर्मचारी संघ से बातचीत करके उनकी मांगों का समाधान करने की बजाय कर्मचारियों को गिरफ्तार करने, एस्मा लगाने, मुकद्दमे दर्ज करने, लाठीचार्ज करने जैसी दमनात्मक कार्रवाई करने जैसे ओछे हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं व अधिकारियों से सफाई करवाने का ढोंग करके रोजाना लाखों रुपए बर्बाद कर रही है, परंतु नगरपालिका कर्मचारियों से बातचीत करके उनकी मांगों का समाधान नहीं करके सरकार ने कर्मचारी व गरीब विरोधी चरित्र पेश किया है।

रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा सरकार तुरंत नगरपालिका कर्मचारियों पर दमनात्मक कार्रवाई बंद करके उनकी सभी जायज मांगों का बातचीत करके समाधान करें अन्यथा रोडवेज कर्मचारी प्रदेश में रोडवेज बसों का चक्का जाम करके हड़ताल जैसा कठोर कदम उठाने पर मजबूर होंगे।

बिजली कर्मचारी 25 मई को 2 घंटे कामकाज करेंगे ठप्प 
आल हरियाणा पावर कार्पोरेशनज वर्कर यूनियन के प्रधान सुरेश राठी व महासचिव नरेश कुमार में बताया कि यूनियन की मीटिंग के निर्णय के तहत 25 मई को बिजली कर्मचारी सुबह 9 से 10 बजे तक हड़ताल के समर्थन में सब डिवीजन स्तर पर गेट मीटिंग करके कामकाज का बहिष्कार किया जाएगा। यूनियन ने नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा 1 लाख रुपए आर्थिक मदद देने का भी निर्णय लिया है।

 


 

Rakhi Yadav