खुले में नमाज पढ़ने को लेकर गुरुग्राम में फिर हुआ बवाल, बजरंग दल ने किया विरोध

12/23/2022 5:53:02 PM

गुरूग्राम(ब्यूरो): साइबर सिटी में एक बार फिर खुले में नमाज़ को लेकर बवाल हो गया है। शुक्रवार को नमाजियों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों में झड़प हो गई। चयनित स्थानों के अलावा कुछ नमाजियों द्वारा खुले में नमाज पढ़ने के लिए अलग स्थान बना दिए गए है, जिसका हिंदू संगठनों द्वारा जोरदार विरोध किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत करवाया।

 

गौरतलब है कि साइबर सिटी में करीब तीन साल से खुले में  नमाज पढ़ने को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद को शांत करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हिंदू और मुस्लिम संगठनों के साथ कई बार बैठक भी की गई हैं। यही नहीं खुले में नमाज़ हो रही नमाज़ को बंद कराकर प्रशासन ने मस्जिद व ईदगाह के साथ-साथ करीब एक दर्जन स्थान चयनित किए थे। इसके बावजूद शहर के सेक्टर 69 में चोरी छिपे नमाज पढ़ने को लेकर हिंदू संगठन भड़क गए।  

 

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन सप्ताह से यहां नमाज़ पढ़ी जा रही थी। उन्होंने बताया कि नमाज पढ़ने वालों में पचास फीसदी से अधिक नमाज़ी दूसरे जिलों के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा का प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद धीरे-धीरे शहर में खुले में नमाज़ पढ़ने के मामले फिर से सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस कारण गुरूग्राम का माहौल खराब हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवा दिया है और खुले में नमाज़ पढ़ने वालो को चेतावनी दी गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही नमाज़ अदा करें। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

Content Writer

Gourav Chouhan