UPSC परीक्षा में हरियाणा के होनहारों का जलवा, टॉप रैंकर्स के बारे में पूरी खबर

6/1/2017 1:41:28 PM

हरियाणा:सिविल सर्विस परीक्षा के नतीजे आ चुके हैं, जिसमें हरियाणा के होनहारों ने अच्छे रैंक हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया। यू.पी.एस.सी. के बुधवार को घोषित परीक्षा परिणाम में हरियाणा के भी कई युवाओं ने सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार हिसार के राहुल सिंधु, गौरव सैनी, अमन लोहान, गुरुग्राम की अभिलाषा शर्मा, रोहतक की स्वाति सिंह श्योराण, करनाल की एस.पी. की पत्नी शिखा, रेवाड़ी जिले के नांगल मूंदी निवासी उपासना यादव, सोनीपत के गन्नौर निवासी अंकुर रापड़िया, जींद के हिमांशु जैन अौर कुरुक्षेत्र की तेजस्वी राणा ने कामयाबी हासिल की है। 

गांव खांडाखेड़ी निवासी रामफल सिंधु के बेटे राहुल ने 24 साल की उम्र में सिविल सर्विस में 60वीं रैंक हासिल की है। 

गुरुग्राम निवासी अभिलाषा शर्मा ने 68वीं रैंक पाई है। 

हिसार के जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. डीएस सैनी के बेटे गौरव सैनी को 89वीं रैंक मिली है। हिसार निवासी हरियाणा जन चेतना मंच के संयोजक उमेद लोहान के बेटे अमन लोहान ने 568वीं रैंक हासिल की है। 

करनाल के पुलिस अधीक्षक जेएस रंधावा की पत्नी शिखा ने दूसरे प्रयास में 439वीं रैंक पाई है। 

रोहतक की बहू स्वाति सिंह श्योराण ने पहले प्रयास में 313वीं रैंक हासिल की।फिलहाल वह गुरुग्राम के सरकारी स्कूल में मनोविज्ञान की लेक्चरर हैं। 

रेवाड़ी जिले के नांगल मूंदी निवासी उपासना यादव ने 596वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने यह कामयाबी अपने दूसरे प्रयास में पाई है। उपासना पिछले साल भी इंटरव्यू तक पहुंची थीं। 

सोनीपत के गन्नौर निवासी अंकुर रापड़िया ने 341वीं रैंक हासिल की है। पिछले साल आई.आर.एस. में जगह बनाई थी। इस समय नागपुर में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

सिविल सर्विस में जींद के हिमांशु जैन ने 44वां रैंक हासिल किया है। उन्होंने  गूगल में 22 लाख के पैकज का ऑफर मिला, लेकिन आई.ए.एस. अफसर बनने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी और यू.पी.एस.सी. परीक्षा की तैयारी में जुट गए। 

कुरुक्षेत्र की तेजस्वी राणा ने घर पर ही तैयारी कर यू.पी.एस.सी. की परीक्षा को पास कर12वां रैंक हासिल किया।