7 साल का इंतजार खत्म! हरियाणा के इस जिले पहले एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर दौड़ी ट्रेन, यहां बना पहला एलिवेटेड स्टेशन
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 12:04 PM (IST)
कुरुक्षेत्र(रणदीप): सात साल के इंतजार के बाद कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक आखिरकार चालू हो गया। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे जींद से चलकर आई 54048 जींद-कुरुक्षेत्र पैसेंजर ट्रेन हरियाणा के पहले एलिवेटेड रेलवे स्टेशन सिटी थानेसर पर पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन करीब दो मिनट रुकी और फिर इंजन की सीटी के साथ कुरुक्षेत्र जंक्शन के लिए रवाना हो गई। इसी के साथ एलिवेटेड ट्रैक पर नियमित ट्रेन संचालन की शुरुआत हो गई।
इससे पहले पूरे दिन कुरुक्षेत्र-नरवाना-जींद रेलवे लाइन पर करीब 10 घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। इस दौरान रेलवे ने पुरानी लाइन और नए एलिवेटेड ट्रैक के बीच अंतिम कट एंड कनेक्शन का काम पूरा किया। मशीनों की मदद से पुरानी पटरियों को काटकर नई लाइन से जोड़ा गया। कनेक्शन पूरा होने के बाद ट्रैक पर इंजन चलाकर सफल ट्रायल लिया गया और शाम होते-होते ट्रेनों के संचालन की मंजूरी मिल गई।
हरियाणा के पहले एलिवेटेड रेलवे स्टेशन पर पहुंची पहली ट्रेन
एलिवेटेड ट्रैक पर बना सिटी थानेसर रेलवे स्टेशन हरियाणा का पहला ऐसा रेलवे स्टेशन है, जो पूरी तरह एलिवेटेड ट्रैक पर बनाया गया है। करीब 600 मीटर लंबे इस स्टेशन पर शुक्रवार रात पहली बार कोई नियमित यात्री ट्रेन पहुंची। जींद से आई पैसेंजर ट्रेन के रुकते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला।यह सिर्फ एक ट्रेन का संचालन नहीं, बल्कि कुरुक्षेत्र के बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रेलवे प्रोजेक्ट के संचालन की औपचारिक शुरुआत भी है।

जींद से चली 54048 पैसेंजर बनी पहली ट्रेन
एलिवेटेड ट्रैक पर चलने वाली पहली ट्रेन 54048 जींद-कुरुक्षेत्र पैसेंजर रही। यह ट्रेन रोजाना जींद जंक्शन से कुरुक्षेत्र जंक्शन के बीच चलती है। शुक्रवार को इसी ट्रेन को नए ट्रैक पर चलाया गया।इस ट्रेन के लोको पायलट चंद्रकांत कुमार, सहायक लोको पायलट मनीष कुमार तथा रेलवे के पीडब्ल्यूआई एल. मीणा मौजूद रहे। ट्रेन ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सिटी थानेसर स्टेशन पर पहला ठहराव लिया और फिर कुरुक्षेत्र स्टेशन पहुंची।
दिनभर चला कट एंड कनेक्शन का बड़ा काम
रेलवे ने शुक्रवार सुबह से ही पुरानी लाइन और एलिवेटेड ट्रैक को जोड़ने का अंतिम काम शुरू कर दिया था। इसके लिए करीब 10 घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। मशीनों की सहायता से पुरानी पटरियां काटी गईं और नई लाइन से उनका स्थायी कनेक्शन किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रात में लगातार 10 घंटे का खाली स्लॉट उपलब्ध नहीं था, इसलिए दिन में ही यह काम किया गया। ब्लॉक के दौरान जरूरत के अनुसार मालगाड़ियों को रेगुलेट और डायवर्ट किया गया, जबकि अन्य ट्रेनों का संचालन भी परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित किया गया।

इंजन ट्रायल के बाद मिली संचालन की मंजूरी
कट एंड कनेक्शन पूरा होने के बाद रेलवे ने ट्रैक पर इंजन दौड़ाकर तकनीकी जांच की। ट्रैक, सिग्नल और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने के बाद रात में यात्री ट्रेन के संचालन की अनुमति दे दी गई। इसके साथ ही एलिवेटेड ट्रैक पर नियमित रेल संचालन शुरू हो गया।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन
कुरुक्षेत्र जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा के अनुसार एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का औपचारिक उद्घाटन 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जींद से करेंगे। हालांकि उद्घाटन से पहले ही ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है, ताकि सभी व्यवस्थाओं का व्यावहारिक परीक्षण भी होता रहे।
447 करोड़ रुपए में तैयार हुआ प्रोजेक्ट
कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक करीब 447 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है। इस परियोजना का शिलान्यास 22 अगस्त 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब यह परियोजना संचालन के चरण में पहुंच गई है।
हरियाणा का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक
कुरुक्षेत्र का यह एलिवेटेड रेलवे ट्रैक हरियाणा का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक है, जबकि सिटी थानेसर रेलवे स्टेशन प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे स्टेशन बन गया है। इसके शुरू होने से शहर के कई रेलवे फाटक खत्म होने से ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही रेल संचालन भी पहले की तुलना में अधिक सुचारु और सुरक्षित होगा।
एलिवेटेड ट्रैक पर पहली बार ट्रेन से उतरे यात्रियों ने सरकार के कामों की सहराना की है। उन्होंने कहा कि उनको बहुत ज्यादा खुशी हो रही है कि वह इस एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रेन से उतरने वाले पहले यात्री हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह सराहनीय काम किया है।