किराये के मकान में रह रहे उत्तर प्रदेश के मजदूर की हत्या

3/23/2019 7:40:23 PM

नूंह(एके बघेल): नूंह के वार्ड तीन स्थित नट कालोनी में एक मर्डर का मामला सामने आया है। मृतक सुनील यूपी के हमीरपुर जिले के दरियापुर गांव का रहने वाला है जो बीते कई दिनों से नूंह में मजदूरी करता था, लेकिन शुक्रवार सुबह किराये के मकान में मृत पाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वार्ड तीन निवासी शहीदा के मकान में 14 मार्च को हमीरपुर जिले के जलोकर गांव का रहने वाला छोटन उसकी पत्नी कंचन और तीन बच्चे किराये पर रहने आए थे। मकान मालिक शहीदा को कंचन ने बताया कि उसके भाई सुनील (मुंह बोला) के अलावा और किसी का घर पर आना-जाना नहीं होता था। पति छोटन व भाई सुनील शहर में मकान बनाने (चिनाई) का काम करते हैं। सुनील शहर में ही एक किराये के मकान में रहता था।

सुनील गुरूवार की शाम छोटन के किराये के मकान में गया। रात को सुनील और छोटन ने शराब पी थी। सुबह होते ही छोटन कमरे से निकलकर बाहर चला गया। इसके कुछ समय बाद कमरे से कंचन के रोने की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर मकान मालिक शहीदा व उसकी पत्नी कमरे की ओर गए तो सुनील को मृत देखा गया। इसके बाद मकान मालिक शहीदा ने आसपास के लोगों को बुलाकर पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक सुनील के गले में रस्सी व तार से कसे हुए निशान देखे। जिसके बाद पुलिस को सुनील की हत्या करने का पता चला। पुलिस छोटन की पत्नी कंचन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। वहीं पति छोटन फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने एफएसएल की टीम को सूचना दी। जिसके बाद एफएसएल की टीम दोपहर को मौके पर पहुंच जांच में जुटी रही। 

पुलिस ने मृतक सुनील के परिजनों को सूचना देकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसआई मलखान सिंह ने बताया कि मामला हत्या का देखा जा रहा है। पति छोटन फरार है और पत्नी कंचन से पूछताछ जारी है। मृतक सुनील के गले में निशान है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Shivam