रेलवे TT की दबंगई, वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रही महिला से की बदसलूकी

7/30/2017 12:48:01 PM

रेवाड़ी (मोहिंदर भारती):भले ही देश व प्रदेश की सरकारें महिलाओं को प्रोत्साहन देने का दम भरते नहीं थकती, लेकिन सरकारी कर्मचारी ही सरकार के दावों की हवा निकालने में पीछे नहीं हैं। यही कारण है कि सुबह वैष्णो देवी के दर्शन कर ट्रेन में अपने घर लौट रही एक महिला के साथ टी.टी. ने न केवल बदतमीजी की, बल्कि उसे लात भी मार दी। दरअसल हुआ यूं कि राजस्थान के दौसा जिले की रहने वाली कमलेश अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी दर्शन करने गई थी।

वापसी में उनके पास दिल्ली तक का ही रिजर्वेशन था, लेकिन थकान अधिक होने के कारण वे दिल्ली नहीं उतरे। उन्होंने घर वापिस जाने का मन बनाया और उसी ट्रेन में बैठे रहे। रास्ते में टी.टी. के आने पर जब उन्होंने टिकट बनाने को कहा तो उसने उनसे अधिक राशि मांगी। इस पर उनकी कहासुनी हो गई और टी.टी. ने महिला के साथ बदतमीजी करते हुए उसे लात मार दी।

हैरानी की बात तो यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद रेलवे पुलिस इस मामले से पल्ला झाड़ती नजर आ रही है और घायल महिला का हाल जानने की जहमत तक नहीं उठाई। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे बेमानी नजर आ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि रेल प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई अमल में लाता है।