तकनीकी खराबी के कारण रुकी वंदे भारत एक्सप्रैस, तेजस में भेजे यात्री

11/23/2019 11:34:13 AM

अम्बाला छावनी(हरिंद्र): देश की दूसरी प्रिमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रैस 45 दिन बाद ही खराब हो गई। तकनीकी खामी के कारण शुक्रवार सुबह नई दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रैस का परिचालन नहीं हो पाया। वंदे भारत एक्सप्रैस की जगह तेजस का रैक भेजा गया। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद यात्री काफी परेशान नजर आए। तेजस कुछ समय की देरी से कटरा रेलवे स्टेशन पहुंची।

ट्रेन नंबर 22439 नई दिल्ली-कटरा तेजस एक्सप्रैस का परिचालन 5 अक्तूबर को किया गया। ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 6 बजे रवाना होकर लगभग 2.10 घंटे यानी 8.10 पर छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचती है। लेकिन शुक्रवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रैस में सफर करने वाले यात्रियों को सूचना प्रणाली के माध्यम से ट्रेन के आने की जानकारी दी गई। लेकिन वंदे भारत एक्सप्रैस प्लेटफार्म 7 पर नहीं आई, उसके स्थान पर तेजस एक्सप्रैस का रैक प्लेटफार्म 7 पर आकर खड़ा हो गया। मौके पर मौजूद यात्री तेजस के रैक को देखकर हैरान रह गए। लेकिन ट्रेन में तैनात स्टॉफ ने यात्रियों को इसकी जानकारी दी। 

मैंटीनैंस के कारण रोका रैक
उत्तर रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 22440 कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रैस गुरुवार रात लगभग 11 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची थी। लेकिन ट्रेन की मैंटीनैंस नहीं हो पाई। इसलिए रैक शुक्रवार सुबह कटरा के लिए तैयार नहीं हो सका। 

सिर्फ 2 यात्री चढ़े
छावनी स्टेशन अधीक्षक हंसराज ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रैस की जगह तेजस का रैक आया था। स्टेशन से सिर्फ 2 ही यात्री ट्रेन में सवार हुए थे। मौके पर स्टेशन मास्टर व अन्य कर्मचारी मौजूद थे। रेलवे के पास अभी सिर्फ 2 ही वंदे भारत एक्सप्रैस हैं। पहली नई दिल्ली-बनारस के बीच और दूसरी नई दिल्ली-कटरा के बीच चल रही है। इसलिए अगर कभी वंदे भारत एक्सप्रैस में कोई खराबी आ जाती है तो इसके स्थान पर दूसरी वंदे भारत एक्सप्रैस चलाने का कोई प्रबंध नहीं है। 

दीपक कुमार, सी.पी.आर.ओ. उत्तर रेलवे ने कहा कि तकनीकी खराबी व मैंटीनैंस के कारण वंदे भारत का रैक नहीं भेजा गया। इसके स्थान पर तेजस का रैक भेजा गया था ताकि यात्री आराम से कटरा का सफर कर सकें। जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रैस को चलाया जाएगा।
 

Edited By

vinod kumar