वंदे भारत एक्सप्रैस में यात्रियों को देना होगा अधिक किराया

2/9/2019 11:48:26 AM

अम्बाला छावनी (हरिंद्रपाल सिंह): वंदे भारत एक्सप्रैस में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने के रेट निर्धारित कर दिए गए हैं। खाने के रेट टिकट के बेस फेयर में शामिल होंगे। हालांकि रेलवे ने अभी ट्रेन का बेस फेयर निर्धारित नहीं किया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार वंदे भारत एक्सप्रैस का बेस फेयर शताब्दी एक्सप्रैस से लगभग 45 प्रतिशत अधिक होगा। ट्रेन-18 यानी वंदे भारत एक्सप्रैस 15 फरवरी को ट्रैक पर उतरेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन को रवाना करेंगे। दिल्ली से बनारस तक के सफर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 घंटे ट्रेन के एग्जीक्यूटिव चेयरकार में सफर करेंगे। इस दौरान उनके साथ ट्रेन मेंकुछ खास लोग व अधिकारी मौजूद रहेंगे। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रैस का किराया इस रूट पर चलने वाली शताब्दी एक्सप्रैस के बेस फेयर से 45 प्रतिशत अधिक हो सकता है। 

इलाहाबाद व बनारस के  बीच मिलेगी ऑप्शन की सुविधा
रेलवे द्वारा जारी की सूची में इलाहाबाद और बनारस के यात्रियों को खाना लेने की ऑप्शन दी गई है। अगर यहां के यात्री खाना नहीं लेंगे तो उनके टिकट के बेस फेयर में खाने के पैसे नहीं जोड़े जाएंगे। अगर बीच रास्ते यात्री खाने या अन्य सामान की मांग करेंगे तो खाने के निर्धारित रेट के साथ यात्रियों से 50 रुपए अतिरिक्त लिए जाएंगे।


नई दिल्ली से बनारस तक खाने के रेट
रेलवे बोर्ड ने 5 फरवरी को आई.आर.सी.टी.सी. से मंत्रणा करने के बाद 5 प्रतिशत जी.एस.टी. सहित ट्रेन में मिलने वाले खाने के रेट जारी कर दिए हैं। खाने के रेट को 6 अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है जोकि बीच रास्ते आने वाले स्टेशनों के हिसाब से सैट किए गए हैं। नई दिल्ली से बनारस तक एग्जिक्यूटिव क्लास के ब्रेक फास्ट, चाय व लंच के रेट 399 रुपए और चेयरकार में 344 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार न्यू दिल्ली से कानपुर तक ब्रेक फास्ट व चाय के रेट 155 व 122 रुपए, नई दिल्ली से इलाहाबाद तक ब्रेक फास्ट व चाय के रेट 155 व 122 रुपए, कानपुर से इलाहाबाद तक चाय के रेट 15 रुपए, कानपुर से बनारस के सुबह की चाय व लंच के रेट 259 और 237 रुपए, इलाहबाद से बनारस के लंच के रेट 244 व 222 रुपए निर्धारित किए गए हैं

मुदित चंद्रा, महानिदेशक टूरिज्म एंड कैटरिंग, रेलवे बोर्ड।
वंदे भारत एक्सप्रैस में सफर करने वाले यात्रियों को दिए जाने वाले खाने के रेट निर्धारित कर दिए गए हैं। खाने के रेट बेस फेयर में शामिल होंगे। खाना सर्व करने की जिम्मेदारी आई.आर.सी.टी.सी. को सौंपी गई है।

बनारस से नई दिल्ली तक खाने के रेट
रेलवे ने बनारस से नई दिल्ली तक वापस आने वाली ट्रेन में खाने के रेट निर्धारित किए गए हैं। इसमें बनारस से नई दिल्ली तक चाय, स्नैक्स और डिनर के रेट 349 और 288 रुपए, बनारस से कानपुर तक चाय व स्नैक्स के रेट 105 व 66 रुपए, बनारस से इलाहाबाद तक चाय व स्नैक्स 105 व 66 रुपए, इलाहाबाद से नई दिल्ली तक चाय, स्नैक्स, डिनर के रेट 349 व 288 रुपए, इलाहाबाद से कानपुर तक चाय व स्नैक्स के रेट 105 व 66 रुपए, कानपुर से नई दिल्ली तक चाय व डिनर के रेट 259 से 237 रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से निर्धारित किए गए हैं। 
 

Deepak Paul