वर्णिका की बहादुरी को देख एक और रेप विक्टिम को मिली हिम्मत, बताया सच

8/11/2017 11:29:46 AM

चंडीगढ़/हिसार/फतेहाबाद:हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के भतीजे और पोते पर रेप का आरोप लगाने वाली नाबालिग लड़की को वर्णिका वाले केस से इतनी हिम्मत मिली कि वह भी मीडिया के सामने आ गई। उसका कहना है कि वह भी वर्णिका कुंडू की तरह अपनी लड़ाई लड़ेगी। उसका कहना है कि सुभाष बराला के प्रभाव में पुलिस ने उस पर दबाव डालकर अपने मुताबिक बयान लिखवा लिए थे। उसने कहा कि सुभाष बराला का भतीजा और पोता उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले गए थे, लेकिन पुलिस ने दबाव डालकर अपनी मर्जी से उनके साथ जाने की बात लिखवा ली थी। सदर एस.एच.ओ. प्रदीप ने उसे भूना की तत्कालीन एस.एच.ओ. बिमला देवी के पास भेजा था, जिन्होंने उस पर दबाव बनाया था और मजबूरी में उसे लिखना पड़ा था कि वह पारिवारिक समस्या के चलते खुद दोनों के साथ गई थी।

8 मई 2017 का है मामला
उल्लेखनीय है कि मामला 8 मई 2017 का है, जहां बराला के पैतृक गांव बढ़ईखेड़ा से एक नाबालिग लड़की किडनैप हुई थी। ये आरोप बराला के पोते यानी उनके भतीजे के बेटे विक्रम उर्फ विक्की बराला पर लगे थे। इस मामले में विक्की के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। मामला इतना बढ़ा था कि उनके ही गांव के लोगों ने सुभाष बराला के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाइवे जाम किया था। 

लापता लड़की के परिजनों ने भी लगाए थे आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी, लेकिन अचानक लापता हो गई। इस बीच गांव के ही विक्रम बराला उर्फ विक्की द्वारा नाबालिग लड़की को बाइक पर बिठाकर ले जाने की बात फैल गई थी। इसके बाद अगले दिन ग्रामीणों ने विक्की की गिरफ्तारी करवाई थी। पुलिस ने धरना दे रहे परिजनों एवं ग्रामीणों को ये संदेश दिया कि लड़की को बरामद कर करनाल स्थित नारी निकेतन में भेज दिया गया। इस पर लोगों का गुस्सा भड़क गया और लोगों ने पीड़िता के सामने बात करने की बात कही। लेकिन पुलिस ने उस समय भी ये कहा कि पीड़िता ने बयान दिए हैं कि वो विक्की के साथ अपनी मर्जी से गई थी। फिर क्या था ग्रामीणों ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया था। वहीं केस को लेकर सुभाष बराला सीधे तौर पर ग्रामीणों के सामने नहीं आए थे, लेकिन बयान जारी करके कहा था कि आरोपी उनका दूर का रिश्तेदार है। जबकि विक्रम बराला भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के अपने भाई का पोता है। आज बराला पर फिर से एेसी ही मुसीबत आन पड़ी है, जब उनके बेटे पर विकास बराला पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं।