छेड़छाड़ मामले में वर्णिका बोलीं- सच कहा, आगे भी अपने बयानों पर कायम रहूंगी

10/13/2017 5:38:22 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): हाईप्रोफाइल छेड़छाड़ मामले में विकास बराला और उसके साथी आशीष पर कोर्ट पर किडनैपिंग की धारा के तहत आरोप तय होने पर वर्णिका कुंडू ने इसे एक अौर जीत बताया। वर्णिका ने कहा कि उसके बयानों को सही पाते हुए अौर सबूतों के आधार पर कोर्ट ने आरोप तय किए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक उसने सच ही कहा है अौर आगे भी अपने इन्हीं बयानों पर कायम रहेगी। कोर्ट ने आरोपियों पर लगाई गई धाराएं 354 डी, 365 और 341 सही पाया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अब दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा चलेगा और दोषी पाए जाने पर उन्हें सजा सुनाई जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि चार और पांच अगस्त की मध्य रात्रि को हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके साथी अाशीष ने शराब के नशे में वर्णिका कुंडू की गाड़ी का पीछा किया। चंडीगढ़ की सड़कों पर पीछा करते हुए विकास बराला ने कई बार वर्णिका कुंडू की गाड़ी रोकनी चाही और अपहरण करने का प्रयास भी किया। वर्णिका की शिकायत पर पुलिस ने पीछा करते हुए आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार किया था। राजनीतिक दबाव बढ़ने के बाद बेशक पुलिस ने दोनों आरोपियों को जमानत दे दी लेकिन मीडिया में किरकिरी के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।