हरियाणा में पैट्रोल-डीजल पर वैट नहीं घटेगा : मनोहर लाल

2/22/2021 9:37:17 AM

करनाल : पैट्रोल व डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल में खुलकर बोले। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हरियाणा में वैट कम नहीं होगा। सी.एम. ने तर्क दिया कि ऐसा किया तो रैवेन्यू घटेगा और राज्य में जनता के काम कम होंगे। मुख्यमंत्री बोले कि जहां तक राज्य सरकार की बात है तो हरियाणा में पैट्रोल व डीजल पर वैट अन्य राज्यों की अपेक्षा पहले ही कम है। सी.एम. ने रविवार को कर्ण लेक पर सरकार का पक्ष रखते हुए पत्रकारों के सामने कबूला कि भाजपा राज में 10 से 15 प्रतिशत के उछाल आया है। फिर कहा कि कुल मिलाकर ओवरऑल तेल के दाम बहुत ज्यादा नहीं हैं। तर्क दिया कि अपने देश में तेल बेहद कम है। अधिकतर तेल दूसरे देशों से आयात होता है। 

एस.डी.ओ. की नियुक्ति पर विपक्ष पर पलटवार
एस.डी.ओ. की नियुक्ति में दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों को तवज्जो के आरोपों पर सी.एम. ने विपक्ष पर ही पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो ऐसी बातें कर रहे हैं उनका असली चेहरा सामने आ गया है। दरअसल, इन्होंने हिसाब ही नहीं लगाया। 200 में से करीब 128 से 130 हरियाणा से हैं। लेकिन रिजर्वड कैटेगिरी को तो यह अपना मानते ही नहीं।  

लोकतंत्र को चैलेंज जनहित में नहीं 
किसान आंदोलन के मुद्दे पर कहा कि यह लम्बा चल गया है।  तीनों कृषि बिलों के लागू होने से किसानों को नुक्सान नहीं लाभ ही होगा। तीनों बिल अभी लागू नहीं हुए हैं। भविष्य में यदि इससे नुक्सान होता है तो इन चीजों को विदड्रा करने के लिए सरकार हमेशा तैयार है। अब इसमें राजनीति हो रही है।  

करनाल की हवाई का होगा विस्तार 
मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल की हवाई के विस्तार का रास्ता साफ हो चुका है। इसे 3 हजार से 5 हजार फीट का किया जाएगा। 2 दिन पहले किसानों से मीटिंग कर रेट फाइनल हो चुके हैं। 15 दिन के अंदर किसानों को उनकी जमीन के दाम मिल जाएंगे। फर्जी प्रॉपर्टी आई.डी. से करनाल में 143 रजिस्ट्री होने के सवाल पर कहा कि मामला मेरे संज्ञान में है। मामला दर्ज हो चुका है। इसमें जो दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 
 

Content Writer

Manisha rana