चंडीगढ़ में आज जुटेंगे दिग्गज कांग्रेसी

5/30/2017 8:06:22 AM

चंडीगढ़ (बंसल):हरियाणा कांग्रेस के दिग्गज आज चंडीगढ़ में जुटेंगे, क्योंकि संगठन चुनावों को लेकर बैठक बुलाई गई है। यहां बता दें कि हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने आज प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, सांसदों तथा विधायकों की एक बैठक पार्टी प्रदेश कार्यालय में 11 बजे बुलाई है। दूसरी ओर हुड्डा गुट से जुड़े विधायकों ने भी प्रैस कांफ्रैंस बुलाई है। उपरोक्त जानकारी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सोनी ने दी। 

सोनी ने बताया कि बैठक में पार्टी के संगठनात्मक चुनावों को सुचारु तथा निष्पक्ष रूप से करवाने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा डेढ़ बजे प्रैस कांफ्रैंस बुलाई गई थी, लेकिन बाद में कैंसिल कर दी गई। वहीं चर्चाओं की मानें तो हुड्डा गुट से जुड़े विधायक बैठक से किनारा कर सकते हैं। हालांकि बैठक के लिए सभी विधायकों को न्यौता दिया गया है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा राज्यसभा सांसद कु. शैलजा भी शामिल हैं।