कांटे के मुकाबले में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व महासचिव निर्वाचित, 9 वोट से आशीष बंसल हुए विजयी

12/15/2023 7:38:08 PM

गोहाना(सुनील जिंदल): बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में आशीष बंसल उपाध्यक्ष और मनजीत लठवाल महासचिव के पद पर निर्वाचित हुए हैं। दोनों पदों के कांटे का मुकबला था। जिसमें आशीष बंसल ने अपने प्रतिद्वंदी शुभम जैन को 9 वोट से पराजित कर दिया।  वहीं महासचिव पद के लिए मनजीत लठवाल ने हेमंत शर्मा को 51 वोट से मात दी। कुल 6 में से शेष 4 पदाधिकारी पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे।

बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव आरओ के तौर पर सीनियर मोस्ट एडवोकेट इंद्र सिंह भनवाला ने करवाया। उनके साथ एआरओ रविंद्र शर्मा और संदीप सैनी थे। इस बार एसोसिएशन में कुल 376 मतदाता हैं। इनमें से तीन वोट इस आधार पर अवैध हो गए कि वे पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट की बार काउंसिल के स्थान पर दिल्ली हाई कोर्ट की बार काउंसिल से रजिस्टर्ड थे। वैध 373 में से 320 एडवोकेट्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उपाध्यक्ष पद के लिए 5 वोट रद्द हो गए। वैध 315 में से आशीष बंसल को 162 और शुभम जैन को 153 वोट मिले। इस तरह से बंसल 9 वोट के अंतर से विजयी हो गए। महासचिव के पद के लिए 7 वोट रद्द हुए। वैध 313 में जहां मनजीत लठवाल को 182 वोट मिले, वहीं हेमंत शर्मा के वोट 131 रहे। लठवाल 51 वोटों से जीत गए।

इस चुनाव के साथ इंद्र सिंह भनवाला ने भी एक रिकॉर्ड बना दिया है। वह 2017 से लगातार इस बार का वार्षिक चुनाव आरओ के तौर पर सफलता पूर्वक करवा रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले 2017 और उसके बाद 2018 में चुनाव करवाया। कोरोना के चलते 2019 और 2020 में चुनाव नहीं हुआ। अब 2021 से लगातार तीन साल से भनवाला ही आरओ के तौर पर चुनाव करवाते आ रहे हैं। पांचों बार शांतिपूर्वक चुनाव इंद्र सिंह भनवाला की नायाब उपलब्धि रही है।

ताजा चुनाव में वीरेंद्र सिंह आर्य ने भी कीर्तिमान बनाया है। जहां वह 2021 और 2022 में विधिवत मतदान से विजयी हुए थे, वहीं इस बार लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुन लिए गए हैं। आर्य के साथ सह-सचिव पद के लिए गायत्री, कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रदीप वर्मा और लाइब्रेरी इंचार्ज के लिए रविंद्र कुमार भी निर्विरोध चुने गए हैं। गोहाना बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में इस बार मतदान सिर्फ उपाध्यक्ष और महासचिव पद के लिए हुआ है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal