अशोक अरोड़ा ने कहा इनेलो को अलविदा, थामेगें कांग्रेस का 'हाथ' !

9/10/2019 3:46:34 PM

कुरुक्षेत्र: चौटाला परिवार में मचे घमासान से इनेलो की सियासत काफी प्रभावित हुई है, इसी बीच एक और बड़ा झटका पार्टी को झेलना पड़ गया है। दरअसल इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मुख्य सचिव अशोक अरोड़ा ने पार्टी को अलविदा कह दिया है जिसके बाद कहा जा रहा है कि इनेलो का एक और बड़ा वृक्ष  अब गिर गया है। 

इंडियन नेशनल लोकदल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने आखिर भारी मन से कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने हजारों कार्यकर्ताओं के बीच भारी मन से कहा कि वह उन नेताओं की तरह पार्टी नहीं बदलेंगे जो आए दिन लिबास की तरह दल बदल करते हैं। अशोक अरोड़ा ने बड़े ही सधे हुए अंदाज में कहा कि उन्होंने 40 साल इनेलो के साथ बिताए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने कोई भी दल ज्वाइन करने का फैसला उन पर छोड़ा है और वह बड़े सोच समझकर यह फैसला लेंगे

अशोक अरोड़ा ने बड़े भावुक अंदाज में इनेलो पार्टी को अलविदा कहा और साथ में यह भी कहा कि वह ओम प्रकाश चौटाला से जेल में मिलेंगे और आशीर्वाद भी लेंगे ताकि वह अपनी नई पारी किसी पार्टी के साथ शुरू कर सके। उन्होंने इनेलो  के कार्यकाल में हुए विकास और खासतौर से नौकरियों का खूब जिक्र किया । उन्होंने कहां की ओम प्रकाश चौटाला ने इनेलो में उनके साथ अपने पुत्रों से बढ़कर बर्ताव किया और आज पार्टी छोड़ते हुए उनको बहुत ही भारी मन से अलविदा कहना पड़ रहा है।

अशोक अरोड़ा हरियाणा के पंजाबी नेताओं में शुमार हैं और इनेलो के कार्यकाल में वह हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष और परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।  इनेलो पार्टी ने उनको करीब 5 बार प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी से नवाजा था और फिलहाल भी उनके पास राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद था।

 

 

Isha