रिश्वत मामला : महिला थाना प्रभारी रही सरोज के घर पर विजिलेंस की रेड

5/1/2018 8:51:35 AM

हिसार(पंकेस): महिला थाना में शहर के निजी होटल मैनेजर के खिलाफ दर्ज मामले को रफा-दफा करने के नाम पर महिला थाना प्रभारी सरोज के नाम की 70 हजार रुपए की रिश्वत लेने मामले में विजिलेंस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। साथ ही महिला थाना प्रभारी की तलाश में आज उनके आवास पर रेड की, लेकिन वहां नहीं मिली। 

वहीं विजिलेंस को इस केस की अहम कड़ी शिकायतकर्ता का भी इंतजार है। विजिलेंस को उम्मीद है कि शिकायतकर्ता के मिलने पर कई अन्य केसों का राज भी खुल सकता है। गौरतलब है कि विजिलेंस टीम ने महिला थाना के गाड़ी चालक ई.एच.सी. सुरेन्द्र कुमार को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते व मध्यस्थता करवा रहे होटल मालिक योगेश को पकड़ा था। ई.एच.सी. सुरेन्द्र सिंह ने महिला थाना प्रभारी सरोज के नाम पर यह रिश्वत लेने की बात कबूली थी। पुलिस प्रशासन महिला थाना प्रभारी सरोज को लाइन हाजिर कर चुका है जबकि ई.एच.सी. सुरेन्द्र सिंह को सस्पैंड किया जा चुका है। 

विजिलेंस टीम ने आज महिला थाना प्रभारी रह चुकी सरोज के घर पर रेड की, जहां सरोज के ससुर ने टीम को जानकारी दी कि वह बीमार है इलाज के लिए कहीं गई हुई है। कहां गई इसकी जानकारी विजिलेंस को नहीं दी गई। यही नहीं अभी तक सरोज ने लाइन में भी हाजिरी नहीं लगाई है। 

वहीं विजिलेंस टीम ने शिकायतकर्ता युवती की भी तलाश शुरू कर दी है। युवती सिरसा की रहने वाली है लेकिन अभी फरार है। विजिलेंस के पास उसका मोबाइल नम्बर है जो फिलहाल बंद बताया जा रहा है। साइबर सैल की मदद से विजिलेंस मोबाइल की लोकेशन वगैरा का पता लगा रही है। सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता से कई 
राज खुलेंगे।

विजिलेंस को जांच से पता चला है कि यह युवती 2 बार शिकायत दे चुकी है। उसके साथ एक महिला रहती है। यह दोनों नौजवान को अपने जाल फंसाकर उसे होटल में बुलाकर मोटी रकम ऐंठने के चक्कर में झूठे केस में फंसाने की धमकी देते। ऐसी ही एक शिकायत हांसी महिला थाना में इस साल दिए जाने का पता चला है। विजिलेंस टीम ने महिला थाना के केसों के साथ सी.सी.टी.वी. फुटेज भी मांगी है। 
 

Rakhi Yadav