डाक्टरों की भर्ती रद्द होने पर विज ने दिखाई तल्खी, जल्द शुरू हो सकती है आवेदन प्रक्रिया

1/23/2020 9:34:58 AM

चंडीगढ़ (पांडेय) : स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अब स्वास्थ्य महकमे में डाक्टरों की भर्ती प्रक्रिया रद्द किए जाने पर तल्खी दिखाई है। विज ने इस बाबत मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर कड़ा ऐतराज जताया है। सूत्रों की मानें तो इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री से बातचीत भी की है। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने रद्द भर्ती दोबारा शुरू करने पर सहमति जताई है। बताया गया कि जल्द ही इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा दोबारा मंजूरी दी जाएगी। गत दिनों मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से डाक्टरों की भर्ती को रद्द कर हरियाणा लोक सेवा आयोग के जरिए भर्ती करने का फैसला किया गया था।

दरअसल,हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की कमी को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने लोक सेवा आयोग के दायरे से बाहर विभागीय कमेटी के जरिए डाक्टरों की नियुक्ति का फैसला किया था। इसकी मंजूरी खुद मुख्यमंत्री ने दी थी। इसके बाद ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से 457 डाक्टरों की नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया और उसके लिए आवेदन आने शुरू हो गए थे।

करीब 500 से ज्यादा आवेदन विभाग के पास पहुंच गए थे लेकिन गत दिनों सी.आई.डी. विवाद गहराने के दौरान ही अचानक मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भर्ती को रद्द कर दिया गया। भर्ती रद्द होने पर स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ा ऐतराज जताया और विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधा। खुद भाजपा के विधायकों ने भी कहा कि अस्पतालों में डाक्टरों की भारी कमी है। ऐसे में इस भर्ती को रद्द नहीं करना चाहिए।

Isha