राहुल के बयान पर बोले विज, मोदी राज में सही काम करने वालों को डरने की जरुरत नहीं

8/5/2022 8:48:42 AM

अम्बाला : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ई.डी. के जरिए उन्हें डराने की कोशिश करने संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में सही काम करने वाले किसी व्यक्ति को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने कुछ गलत किया होगा, इसीलिए वह घबराहट महसूस कर रहे हैं। क्योंकि जिसने गलत काम किया है, मोदी राज में उसे ही घबराने की जरूरत है। 

वीरवार को अम्बाला छावनी में पत्रकारों के साथ बातचीत में अनिल विज ने कहा कि जहां तक कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ई.डी. की कार्रवाई का सवाल है तो जांच एजैंसियां अपने सबूतों के आधार पर अपना काम कर रही हैं। 
यदि कांग्रेस नेता लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रजातंत्र के पक्ष में हैं तो उन्हें जांच एजैंसियों का सहयोग करना चाहिए, लेकिन वे लोग सहयोग करने की बजाय धरने, प्रदर्शन एवं सत्याग्रह कर रहे हैं। 

कांग्रेस ने सत्याग्रह शब्द का अवमूल्यन किया
गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि सत्याग्रह शब्द महात्मा गांधी का दिया हुआ है। आजादी से पहले अंग्रेजी शासन के खिलाफ उन्होंने बहुत से सत्याग्रह किए। उन्होंने मूल्यों के लिए सत्याग्रह किए, लेकिन उन्होंने कभी चोरी या ठगी के लिए सत्याग्रह नहीं किए। 
कांग्रेस ने सत्याग्रह के पवित्र मायनों का अवमूल्यन कर दिया है। कांग्रेस नेताओं को एजैंसियों को उनका काम करने देना चाहिए। फिर देश में लोकतंत्र है। यदि उनके अनुसार कुछ गलत हो रहा है तो अदालत में जाकर अपनी बात रख सकते हैं। ऐसे में, धरना-प्रदर्शन करके एजैंसियों को धमकाना उचित नहीं है।  

हुड्डा तो बस अपना कुनबा संभालें
विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा आगामी विधानसभा सत्र में विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी के सवाल पर गृहमंत्री ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है, हुड्डा तो बस अपना कांग्रेस का कुनबा संभालें। 

तिरंगा हमारे आन-बान-शान-मान-सम्मान का प्रतीक
गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे आन-बान-शान-मान-सम्मान का प्रतीक है, इसलिए हर भारतवासी को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर आजादी के अमृत महोत्सव पर अपने घर पर तिरंगा फहराना चाहिए। हमारे तिरंगे की विशेषता यही है कि इससे प्रेरित होकर हर भारतवासी के मन में देशप्रेम हिलोरे लेने लगता है। 
 

Content Writer

Isha