विज को मनोरोग चिकित्सक से इलाज करवाना चाहिए:हुड्डा

1/19/2017 11:51:50 AM

पिपली (सुकरम):अनिल विज द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ की टिप्पणी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को मनोरोग चिकित्सक से इलाज करवाना चाहिए। बेतुकी बयानबाजी करना अनिल विज की आदत है जो कोई मायने नहीं रखती। वे देर सायं पिपली पैराकीट में बुधवार को पत्रकारवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को न मानकर पंजाब सरकार ने संघीय प्रणाली की उल्लंघना की है। प्रदेश सरकार जनता के हितों को लेकर गम्भीर नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विपक्ष को प्रधानमंत्री से एस.वाई.एल. के मुद्दे पर मुलाकात करवाने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक मुलाकात नहीं हुई है। इससे मुख्यमंत्री की मंशा स्पष्ट होती है। केंद्र सरकार को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नहर का निर्माण करवाना चाहिए। 

 

उन्होंने अभय चौटाला पर हमला बोलते हुए कहा कि एस.वाई.एल. का मुद्दा इनैलो की देन है। इसने सत्ता में रहते हुए इसे गम्भीरता से नहीं लिया। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को आड़े हाथों लेते हुए हुड्डा ने कहा कि कंडेला व महम कांड से उनका कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने स्वयं इसके खिलाफ सांसद रहते हुए लड़ाई लड़ी थी।