विज का स्टैंड उचित, कभी भी स्वाभिमानी व्यक्ति एक जूनियर व्यक्ति के नीचे काम नहीं कर सकता: अशोक अरोड़ा

4/6/2024 10:29:55 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): नायब सिंह मंत्रिमंडल में अनिल विज के शामिल न होने के फैसले को पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने बिल्कुल सही बताया है। उन्होंने कहा कि कभी भी स्वाभिमानी व्यक्ति एक जूनियर व्यक्ति के नीचे इस प्रकार से काम नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी डूबती नैया को देखते हुए चेहरा बदलकर लोगों को भ्रमित करने का काम किया है। लोग सरकार बदलना चाहते थे ना कि चेहरा।   इस कारण से बहुत जूनियर व्यक्ति को मनोहर ने मुख्यमंत्री बना डाला। हालांकि ओबीसी से बहुत से सीनियर नेता इनकी पार्टी में मौजूद थे जो केंद्र में मंत्री हैं और रहे हैं।  उन्होंने कहा कि विज एक बेहद सीनियर नेता है और उनकी राजनीति बहुत लंबी है। हरियाणा प्रदेश के लोगों को विज से उम्मीद थी, वह लोगों की सुनवाई करते थे।  लेकिन कायदे से अगर मनोहर लाल को बदला गया था तो अनिल विज को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था।

 

 भाजपा में शामिल होने की बात मानने वाले कोयले से कोहिनूर बन जाते  

 

अरोड़ा ने अरविंद केजरीवाल के जेल में होने को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो भाजपा में शामिल होने की बात मान लेते हैं, वह दूध के धुले हो जाते हैं, वह कोयले से कोहिनूर बन जाते हैं और जो नहीं मानते वह जेल में चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ा मुद्दा देश के संविधान की रक्षा करना है। जिस प्रकार से आज संविधान की उल्लंघना हो रही है, प्रजातंत्र को पैरों तले रौंदा जा रहा है, विपक्षियों को जेल में डाला जा रहा है, जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते थे उन्हें डरा धमका कर भाजपा में शामिल करवा कर उन्हें चुनाव लड़वाया जा रहा है, यह बात प्रजातंत्र में बिल्कुल ठीक नहीं है। इसलिए कांग्रेस पार्टी का पहला मुद्दा संविधान की रक्षा, युवाओं को रोजगार और किसानों को एमएसपी की गारंटी का कानून देना है। अरोड़ा ने कहा कि आज भाजपा के उम्मीदवारों को जगह-जगह लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। लोग इस सरकार को बदलना चाहते हैं। इसलिए लोग इन्हें सुनने भी नहीं आते और जहां आते हैं वहां इन्हें विरोध झेलना पड़ रहा है, अगर लोग आते हैं तो हूटिंग करते हैं।

 

 मुख्यमंत्री - मंत्री किसी को भी बना दें, अगले चुनाव में इनका सफाया निश्चित 

 

अशोक अरोड़ा ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले लगभग 10 सालों में देश की सरकार ने लोगों से किए वायदे पूरे नहीं किए। 13 महीने किसान आंदोलन पर मजबूर रहे, 750 किसानों की शहीदते हुई। एमएसपी की गारंटी के कानून को लेकर कमेटी बनाने की बात कही गई लेकिन आज तक एमएसपी नहीं दी गई। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। हमारे युवा विदेश जाने और मजदूरी करने पर मजबूर है। पेपर लीक होने पर कोर्ट में मामले लटकते रहते हैं। कांग्रेस ने फास्ट ट्रैक बनाकर इन्हें तुरंत निपटाने की बात कही है। इससे बच्चों को जल्द रोजगार मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार से हर वर्ग दुखी है। उन्होंने मनोहर सरकार को लेकर कड़ा कटाक्ष करते हुए कहा कि इन्होंने प्रजातंत्र की बजाय लठतंत्र पर ज्यादा विश्वास किया। किसानों- सरपंचों- कर्मचारियों- आशावर्करों पर लाठियां बरसाई गई, इसलिए लोग बदलाव चाहते थे। यह रोजगार नहीं दे पाए। हर वर्ग आंदोलन के लिए मजबूर था। किसी को मनोहर सरकार में न्याय नहीं मिला। इसलिए पूरे प्रदेशभर की जनता इस सरकार को बदलने की इच्छुक है। चाहे मुख्यमंत्री या मंत्री यह लोग किसी को भी बना दें, निश्चित रूप से अगले चुनाव में इनका सफाया हो जाएगा।

 

जनता ने 50 विधायकों से विपक्ष को बहुमत दिया था, भाजपा के पास केवल 40 विधायक थे  

 

जेजेपी को लेकर भी अरोडा ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि जेजेपी का कोई भविष्य हरियाणा में कभी रहेगा, क्योंकि हरियाणा में भाजपा की सरकार को लोग बदलना चाहते थे। लोगों ने भाजपा को नहीं बनाया था। विपक्ष के पास 50 विधायकों का बहुमत जनता ने दिया था। जबकि भाजपा के पास 40 विधायक थे। लेकिन जेजेपी की मदद से भाजपा सत्ता में बैठी। इसलिए जितनी दोषी जनता बीजेपी को मानती है उतनी ही जेजेपी को भी। इसलिए जनता के पास विकल्प केवल और केवल कांग्रेस है। कांग्रेस की सरकार का बनना प्रदेश में तय है।

 

 

Content Writer

Isha