बवानीखेड़ा में विजय संकल्प यात्रा रैली, सीएम सैनी बोले- कांग्रेस को सता रहा हार का डर, इसलिए नहीं उतारे प्रत्याशी

3/31/2024 6:26:05 PM

भिवानी (अशोक भारद्वाज): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भिवानी जिला के कस्बा बवानीखेड़ा में आयोजित विजय संकल्प यात्रा रैली में पहुंचे। यहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने रखते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज कांग्रेस को 2024 के चुनाव में हार का डर सता रहा है। जिसके चलते कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी मैदान में अभी तक नहीं उतारे है। इस मौके पर हिसार से भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला, भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान सांसद धर्मबीर सिंह के अलावा प्रदेश के वित्त मंत्री जयप्रकाश दलाल और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री विशंभर वाल्मीकि ने भी संबोधित किया।

सभी 10 सीटों पर होगी जीत: सीएम

सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा में 10 की 10 सीटों पर भाजपा की जीत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2019 के चुनाव की हार से डरकर अब 2024 में अपने प्रत्याशी खड़े नहीं कर रही है। क्योंकि उन्हे लगता है कि 2024 के चुनाव में फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार बनाएंगे। इस बात का डर कांग्रेस को सता रहा है।

मंच से बोले सांसद धर्मबीर सिंह

इस मौके पर निवर्तमान सांसद धर्मबीर सिंह व हिसार से भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने की बात कही और कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की बदौलत देश में सडक़, रेलवे और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य हुए है। जिसके चलते 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है।

किसानों संबंधित कई योजनाओं का किया जिक्र

इस मौके पर वित्त मंत्री जयप्रकाश दलाल ने किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की फसलें बगैर किसी व्यवधान के खरीदी जा रही है। एक अप्रैल से गेहूं की खरीद भी शुरू हो जाएगी। इस मौके पर रैली के आयोजक सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री विशंभर वाल्मीकि ने कहा कि राज्य सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं को पहुंचाया है। बगैर पर्ची और खर्ची के रोजगार देकर युवाओं को शिक्षा की तरफ आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया है। उन्होंने भिवानी से हांसी फोरलेन के निर्माण कार्य को इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा होने की बात भी कही।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Nitish Jamwal