ग्रामीणों ने SDO दफ्तर में घुसकर बिजली कर्मचारियों से की मारपीट, फाड़े रिकॉर्ड

7/18/2017 6:16:32 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज):रोहतक के सांपला के एस.डी.ओ दफ्तर में गांव अटायल के लगभग 50 लोगों ने अंदर घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और दफ्तर में भी तोड़फोड़ की। इसमें 8-9 कर्मचारी घायल हो गए हैं। गांववालों का गुस्सा बिजली ने आने के कारण फूटा। मारपीट करने वालों में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी शामिल थी। 

जानकारी के अनुसार घटना सुबह 11.30 बजे की है। बिजली कर्मचारियों के अनुसार अटायल गांव के लगभग 50 लोग तीन ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर सांपला के एसडीओ दफ्तर पहुंचे। इनमें महिलाएं भी शामिल थी। उन्होंने यहां आते ही एस.डी.ओ. दफ्तर में घुसकर बिजली कर्मचारियों के साथ बहस शुरू कर दी।

उनका आरोप था कि गांव में सोमवार रात से बिजली नहीं है और पिछले काफी दिनों से लगातार बिजली के लंबे-लंबे कट लग रहे हैं। बिजली कर्मचारियों का आरोप है कि कहासुनी के बाद गांववालों ने मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने एस.डी.ओ. के साथ मारपीट की।

इसके साथ-साथ दफ्तर का सारा रिकॉर्ड बिखेर दिया और तोड़फोड़ भी की। कुछ बिजली कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई तो कुछ ने पकड़े जाने पर खुद को उपभोक्ता बताया। ग्रामीणों के जाने के बाद घायल कर्मचारियों को सांपला सिविल हस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। जहां से रणबीर मलिक नाम के कर्मचारी को रोहतक पीजीआई के लिए रैफर कर दिया गया।

इस घटना के बाद बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और थाने में गांववालों के खिलाफ शिकायत दी है। इस प्रदर्शन में बिजली यूनियन के पदाधिकारियों ने भी रोष व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि इस मारपीट में गांधरा व अटायल गांव के ग्रामीण शामिल थे और पुलिस उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तार करे। अगर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया तो सांपला व हसनगढ फीडर के अंर्तगत आने वाले सभी गांवों की बिजली को बंद कर दिया जाएगा। वहीं सांपला पुलिस ने शिकायत ले ली है।