ग्रामीणों ने गौ तस्करों के साथ मिलकर पुलिस पर की फायरिंग, करीब 60-70 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

1/30/2021 8:36:42 AM

पुनहाना : उपमंडल के गांव जखोपुर में गौ तस्करों को पकडऩे गई पुलिस पर ग्रामीणों व गौ तस्करों ने फायरिंग, पथराव कर 8 पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया। पुलिस के वाहन तोड़ दिए और उनके कब्जे से दो दर्जन गाएं, सांड व बछड़ों को छुड़ाकर फरार हो गए। घायलों को शहीद हसन खां मैडीकल कालेज में भर्ती कराया गया है। बिछौर थाना के ए.एस.आई. कल्याण सिंह की शिकायत पर 10 नामजदों सहित करीब 60-70 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, वाहनों में तोडफ़ोड़ करने, गौ हत्या अधिनियम सहित एक दर्जन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। 

जानकारी के अनुसार  सी.एस. शाखा नूंह के घायल ए.एस.आई. कल्याण ने शिकायत में आरोप लगाया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि  कु छ गौ तस्कर गायों को काटने के लिए लाए हुए हैं। सी.एस. शाखा नूंह प्रभारी वीरेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम   गांव में मुखबिर की सूचना पर छापा मारा । सूचना के अनुसार करीब 30-40 गाएं, सांड और बछड़े एक घर के अंदर बंधे थे। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी इधर-उधर भाग गए। पुलिस ने जब गायों को अपने साथ लाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनका रास्ता बंद कर दिया तथा पहाड़ व मकानों की छतों से पथराव और फायरिंग शुरू कर दी जिसमें सी.एस. शाखा नूंह प्रभारी वीरेंद्र सिंह को अवैध हथियारों के छर्रे लगे तथा ए.एस.आई. कल्याण सिंह, हवलदार खेमचंद, सिपाही संदीप, अजीत, आकाश, अजय और विजय घायल हो गए तथा अपराध शाखा पुन्हाना थाने की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उसके बाद भारी पुलिस बल पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी पास के ही पहाड़ में चढ़ कर फरार हो गए।

Manisha rana