KUK में खूनी संघर्ष: लॉ फैकल्टी के प्रोफेसर के साथ मारपीट पर फूटा गुस्सा, छात्रों-प्रोफेसरों का VC ऑफिस के बाहर धरना...DSP ने मांगी माफी
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 09:04 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (KUK) में लॉ फैकल्टी के प्रोफेसर डॉ. जतिन गहलौत के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को विद्यार्थियों और प्रोफेसरों ने विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय के सामने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, उनका धरना जारी रहेगा।
धरने के दौरान विद्यार्थियों ने डीएसपी सुरेश कुमार के सामने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि प्रोफेसर के साथ मारपीट करने के मामले में शिकायत देने के बावजूद उन्हें बार-बार पुलिस चौकी बुलाया जाता रहा, जबकि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। विद्यार्थियों ने पुलिस चौकी में आरोपियों के साथ बर्थडे मनाने का आरोप लगाते हुए पूछा कि ऐसी स्थिति में न्याय कैसे मिलेगा। डीएसपी ने विद्यार्थियों को शांत करने के लिए माफी भी मांगी।
स्कूटी की टक्कर के बाद हुआ था विवाद
डीएसपी सुरेश कुमार के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम विश्वविद्यालय परिसर में एक गाड़ी की स्कूटी से टक्कर हो गई थी। स्कूटी पर दो लड़कियां सवार थीं, जिन्हें चोटें आई थीं। प्रोफेसर डॉ. जतिन गहलौत घटना का वीडियो बना रहे थे और विरोध करने पर गाड़ी में सवार युवकों ने उनके साथ मारपीट की। विद्यार्थियों का आरोप है कि घटना का विरोध करने पर प्रोफेसर के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
डीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि प्रोफेसर की शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने उन्हें ट्रेस कर लिया है और गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रात आठ बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि वीडियो और फोटो से यह साबित होता है कि घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपियों के साथ बर्थडे मनाया था, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
विद्यार्थियों और प्रोफेसरों ने विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने तथा छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। डीएसपी ने कहा कि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वारों पर बाहरी लोगों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ाने की मांग पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखी जाएगी। भीड़ के समय गेट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही गई।
वहीं, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट वीरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि घटना में शामिल लड़कियां और आरोपी युवक बाहरी थे। परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही रोकने की जिम्मेदारी सिक्योरिटी की है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।