विपक्ष दूर-दूर तक कहीं नहीं, 2024 में देश और प्रदेश में बनेगी भाजपा की सरकारः विप्लव देब

4/10/2023 1:23:17 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : शहीद मदन लाल धींगरा सामुदायिक केंद्र परिसर में रोहतक विधानसभा के पन्ना प्रमुखों सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में हरियाणा भाजपा प्रभारी प्रभारी विप्लव देब कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा हरियाणा में कार्यकर्ताओं की सरकार है, विपक्ष दूर-दूर तक कहीं नहीं है। 2024 में देश और प्रदेश में कार्यकर्ताओं के दम पर फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम इवेंट नहीं मूवमेंट करते हैं। संगठन तक ना बना पाने वाली कांग्रेस कैसे सत्ता के सपने देख रही है। साथ ही उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कांग्रेस को हरियाणा में खत्म करने का भी आरोप लगाया।   

आने वाले दिनों में एक लाख नौकरियां देंगेः विप्लव देब

पन्ना प्रमुख सम्मेलन को सबोंधित करते हुए हरियाणा प्रभारी देब ने कहा कि हरियाणा में एक पूर्व मुख्यमंत्री की सोच भूमि पर कब्जे करने वाली थी और दूसरे मुख्यमंत्री ने ऐसे ऐसे लोगों को नौकरियां दी, जिन्हें हस्ताक्षर तक करने नहीं आता। जब से हरियाणा में भाजपा की सरकार आई है, हरियाणा में मेरिट पर नौकरियां मिल रही है। आने वाले दिनों में 1 लाख सरकारी नौकरियां देंगे। हरियाणा प्रभारी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रम से कभी नहीं घबराता। देश और हरियाणा में कार्यकर्ताओं के पसीने से सरकार बनी है। विपक्ष ने भी मान लिया है कि 2024 में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने पन्ना प्रमुखों से आव्हान किया कि जिस तरह हरियाणा के लोग मजबूत होते हैं।  वैसे ही कार्यकर्ता फील्ड में मजबूती से काम करेंगे और लोगों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का काम करेंगे। 

पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस को ठिकाने लगा दियाः धनखड़

जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के बयान पर जवाबी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा इवेंट नहीं, मूवमेंट करती है। उन्होंने कांग्रेस के एक अध्यक्ष को पद से उतार दिया, दूसरे अध्यक्ष को कार्यकारिणी तक नहीं बनाने दी और अब तीसरे अध्यक्ष कह रहे हैं कि कार्यकारिणी की घोषणा जल्द होगी। लेकिन कांग्रेस में ना तो ब्लॉक स्तर पर संगठन है और ना ही जिले व प्रदेश का संगठन है। जिस पार्टी का संगठन ही नहीं बना हो, वह सरकार बनाने के सपने देख रही है। धनखड़ ने इशारों इशारों में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को ठिकाने लगा दिया है। वह पार्टी को निपटाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस ने देश की संस्कृति और इतिहास बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अहंकारी बताते हुए कहा कि उन्हें हरियाणा के लोगों से सीखना चाहिए। रोहतक में उमड़े हजारों पन्ना प्रमुखों से गदगद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रोहतक के लोगों ने आज लठ गाड़ दिया है। यहां के कार्यकर्ताओं की कोई बराबरी नहीं कर सकता। धनखड़ सभी का आह्वान किया कि फील्ड में उतर कर घर-घर मेहनत करें, ताकि सरकार की हर योजना का लाभ प्रत्येक परिवार को मिले। 

कांग्रेस तुलना के लायक नहीं हैः मंत्री कमल पटेल

सम्मेलन में मध्य प्रदेश से आए कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि कांग्रेस 60 साल के शासन में लोगों के लिए शौचालय तक नहीं बना पाई।  कांग्रेस तुलना के लायक नहीं है। भाजपा ने ऐतिहासिक फैसले लेने का काम किया। आज देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ जीतकर केंद्र और हरियाणा में तीसरी बार कमल खिलाएं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail