कोरोना रोगी को PGI में दाखिल न करने पर विस अध्यक्ष ने जताया रोष, ज्ञान चन्द गुप्ता ने केंद्र को लिखा पत्र

4/19/2020 10:37:31 AM

चंडीगढ़(धरणी)- चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआई) की ओर से पंचकूला के कोरोना संक्रमित रोगी के उपचार से मना करने पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से विधायक ज्ञानचन्द गुप्ता ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस  मामले पर संज्ञान लेते हुए ज्ञान चन्द गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को चिठ्ठी लिख कर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

केंद्र को लिखे पत्र में ज्ञान चन्द गुप्ता ने कहा कि पूरी दुनिया कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी इस महामारी को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी उपाय कर रही हैं। चंडीगढ़-पंचकूला-मोहाली ट्राइसिटी की एक संयुक्त टीम दिन-रात इस समस्या पर काम कर रही है। इन सभी उपायों और प्रयासों के बावजूद कोविड -19 के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन सभी के सामूहिक प्रयासों के कारण स्थिति नियंत्रण में है।

उन्होंने पत्र में लिखा कि पंचकूला सिविल अस्पताल से कोरोना से पीड़ित गम्भीर रोगी को आवश्यक चिकित्सा सहायता के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया था, लेकिन वहां उसे दाखिल करने से इंकार कर दिया गया। यह बेहद आपत्तिजनक एवं गम्भीर मामला है। उन्होंने कहा कि पीजीआई राष्ट्रीय स्तर का चिकित्सा संस्थान है और यह विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ की जरूरतों को पूरा करता है। ऐसे में पंचकूला के गम्भीर रोगी को उपचार से मना करना संगीन मामला है। यह चिकित्सा पेशे की नैतिकता का भी उल्लंघन है। इस मामले की जांच कर इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

 

Isha