झज्जर: विशाल मेगा मार्ट के संचालक की सरेआम गोली मारकर हत्या

5/17/2019 7:52:05 PM

झज्जर (प्रवीण धनखड़): झज्जर मेें शुक्रवार को विशाल मेगामार्ट के मालिक की बाईक सवार तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारें कौन थे और हत्या के पीछे कारण क्या रहे इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन पुलिस ने फिलहाल प्रारम्भिक जांच के बाद हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया है। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की है।

जानकारी के मुताबिक, झज्जर के भगत सिंह चौक पर गांव कासनी का अशोक पुत्र रण सिंह विशाल मेगा मार्ट चलाता है। शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे अशोक मार्ट के काऊंटर पर बैठा हुआ था। उसी दौरान दो युवक मार्ट के अन्दर घुसे और इससे पहले कि अशोक कुछ समझ पाता हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी।



हमलावरों द्वारा बरसाई गई गोलियों में से दो गोलियां अशोक की छाती व एक गोली उसके सिर में लगी। घटना के बाद अशोक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावरों की संख्या तीन बताई जाती है। 



पुलिस के अनुसार, हमलावर बाईक पर सवार होकर आए थे, जिनमें से एक हमलावर बाईक को स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा और दो हमलावर अन्दर जा घुसे और अशोक पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। हालांकि मार्ट में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, लेकिन वह पिछले दो दिनों से खराब होने के चलते बंद थे।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन करने के साथ-साथ सबूत जुटाने के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है, जांच जारी है।

Shivam