सिगरेट जलाने के लिए नहीं दी माचिस तो दुकानदार को बेरहमी से पीटा, सिर पर कोल्ड ड्रिंक की बोतल फोड़ी

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 08:01 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-31 मार्केट में मामूली बात पर गुंडागर्दी का एक बडा मामला सामने आया है। मार्केट की एक वीटा डेयरी पर माचिस न देने से नाराज दो युवकों ने डेयरी कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि पीड़ित के सिर पर कोल्ड ड्रिंक की कांच की बोतल दे मारी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़ित का रास्ता रोका और पुलिस से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से  दरभंगा  बिहार निवासी सुभाष कुमार ने शिकायत में बताया कि सेक्टर-31 स्थित एलआईजी कॉलोनी में रहते हैं। सुभाष सेक्टर-31 की मिनी मार्केट में अनिल यादव की वीटा डेयरी पर नौकरी करते हैं। शिकायत में सुभाष ने बताया कि सात जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह डेयरी पर रोज की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान दो अनजान युवक वहां आए और उनसे सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगी। जब सुभाष ने कहा कि उनके पास माचिस नहीं है, तो दोनों युवक अचानक भड़क गए और सरेआम गाली-गलौज करने लगे।

 

पीड़ित के मुताबिक, विरोध करने पर दोनों युवक जबरन डेयरी के अंदर घुस आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने दुकान में रखी कोल्ड ड्रिंक की खाली कांच की बोतल उठाई और पूरी ताकत से सुभाष के सिर पर मार दी। आरोपी ने दूसरी बार भी बोतल से वार करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान बोतल हाथ से छूटकर नीचे गिर गई और टूट गई। लहूलुहान हालत में जब पीड़ित सुभाष ने मदद के लिए पुलिस को फोन करने का प्रयास किया, तो दबंगों ने उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे फोन टूट गया। वारदात के बाद जब सुभाष ने आरोपियों से कहा कि वह इस गुंडागर्दी की शिकायत करने थाने जा रहे हैं, तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और धमकी दी कि अगर थाने गए तो अंजाम भुगतना होगा।

 

वारदात के बाद किसी तरह पीड़ित सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। अस्पताल द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित सुभाष के सिर और शरीर पर कुल छह चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत नहीं दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह दो-तीन दिन तक इस आस में रुके रहे कि शायद आपस में बैठकर कोई समझौता हो जाए और आरोपियों को अपनी गलती का अहसास हो, लेकिन हमला करने वाले दोनों आरोपी अरुण और अमन ने अपनी गलती नहीं मानी। इसके बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर 11 जून को सेक्टर-40 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने घटनास्थल का मुआयना किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

static