राष्ट्रपति के लिए वोट करना विधायकों और सांसदों के लिए गर्व की बात- गीता भुक्कल

7/18/2022 8:03:45 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान में हिस्सा लेने पहुंची कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने मतदान की प्रक्रिया को लोकतंत्र का पर्व बताते हुए कहा कि देश के महामहिम राष्ट्रपति के लिए वोट करने का मौका मिलना सच में बेहद गौरवान्वित कर देने वाला है और राष्ट्रपति देश का सम्मान हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी हाईकमान के दिशा निर्देशानुसार वोट किया है। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के हित में हमेशा बड़े-बड़े कार्य किए और बड़े बड़े फैसले किए। चौधरी उदयभान एक वरिष्ठ नेता है और उन्हें पार्टी हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर एक मजबूत पहचान को आगे लाने का काम किया है। सभी साथियों को एकजुट होकर कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। भुक्कल ने कुलदीप बिश्नोई पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हर व्यक्ति नेता की पहचान उसकी पार्टी की वजह से है। इसलिए पार्टी मान सम्मान को ध्यान में रखना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी होती है। अगर आज कांग्रेस संकट में है, तो कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहिए। चाहे आज कोई विधायक है, सांसद है या मुख्यमंत्री रहा हो वह पार्टी की ही देन है।

 

दोहरी नीति पर चल रही भाजपा के सहयोगी दल ही परिवारवाद के शिकार- भुक्कल

 

भाजपा के फरीदाबाद में हुए प्रशिक्षण शिविर में उठे परिवारवाद के मुद्दे पर कांग्रेस नेता गीता भुक्कल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा दोहरी नीति से कार्य कर रही है। भाजपा के गठबंधन सहयोगी दल परिवारवाद की नीति पर स्वयं चल रहे हैं। चाहे बात हरियाणा भाजपा के गठबंधन में शामिल जजपा की हो या फिर अन्य प्रदेशों के साथ गठबंधन की, सभी परिवारवाद की नीति में आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन वही जिस परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए देश को आजाद करवाया और शहादतें दी और जो परिवार पार्टी के लिए अच्छे ढंग से कार्य कर रहा है, पार्टी को मजबूत करने के लिए आगे बढ़ रहा है, तो उसमें कुछ गलत नहीं है।

 

प्रदेश की चरमराई स्थितियों पर कांग्रेस 2024 में लड़ेगी चुनाव-भुक्कल

 

2024 में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भुक्कल ने दावा किया कि आज प्रदेश ही नहीं देश की जनता कांग्रेस की नीतियों से त्रस्त है। खास तौर पर प्रदेश आज बेरोजगारी में नंबर वन है। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बद से बदतर है। आम आदमी की तो बात दूर विधायक तक को धमकियां दी जा रही हैं। कोरोना की आड़ में बड़े-बड़े घोटाले हुए, आज कानून व्यवस्था बिगड़ने के कारण इंडस्ट्री पलायन कर रही है। तीन काले कानूनों के कारण 700 से अधिक किसानों की शहादत हुई। लेकिन ना तो किसानों को एमएसपी मिला, ना ही उनकी कोई और मांग पूरी की गई। शिक्षा के क्षेत्र में नंबर वन पर स्थान हासिल कर चुका हरियाणा आज पूरी तरह से शिक्षा के स्तर में गिरता जा रहा है। विकास और इन्फ्रास्ट्रक्चर में नंबर वन हरियाणा आज बहुत पीछे है। आज हरियाणा में भाजपा द्वारा बनाई गई कोई भी यूनिवर्सिटी पूरी तरह से नहीं चल रही। धान-खनन- रजिस्ट्री और शराब घोटाले सामने आ चुके हैं। इन मुद्दों के साथ कांग्रेस 2024 चुनाव लड़ेगी और भारी बहुमत से जीतेगी।

 

विधायकों की मिल रही धमकियों को लेकर भी बोली गीता भुक्कल

 

विधायकों को लगातार मिल रही जान से मारने की धमकी पर कांग्रेस की विधायक गीता भुक्कल ने कहा है कि इस मामले में सरकार को गंभीरता दिखाते हुए तुरंत प्रभाव से सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। विधायक कई लाख लोगों का प्रतिनिधि होता है। नेशनल क्राइम ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा देश में क्राइम रेट में सबसे ऊपर है। सरकार को पार्टी बाजी से ऊपर उठकर टीका टिप्पणी करने की बजाय एक मजबूत फैसला लेने की जरूरत है। इस मामले में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के राज्यपाल को एक ज्ञापन विधायकों के साथ-साथ आम जनमानस और महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भी सौंपा है। इसमें सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Vivek Rai