यूपी में फरारी, पानीपत में गिरफ्तारी! अशरफ हत्याकांड का आरोपी वसीम पुलिस के जाल में फंसा, UP से पानीपत आते चढ़ा पुलिस के हत्थे
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 05:56 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : बहन की लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में अपने जीजा के भाई अशरफ की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी वसीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश भाग गया था। पुलिस से बचने के लिए वह यूपी में फरारी काट रहा था, लेकिन पानीपत पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा रखा था। पुलिस की लगातार दबिश के चलते वसीम पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ा तो वह वापस पानीपत लौट आया। इसी दौरान मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। वसीम की गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
जानें पूरा मामला
मामला आरोपियों की बहन तरन्नुम की लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। तरन्नुम ने आशिफ के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के बीच अनबन हो गई, जिसके चलते तरन्नुम अपने मायके आ गई थी। इसके बाद आशिफ अपने भाई अशरफ के साथ पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि वसीम और उसके भाइयों ने अशरफ पर ईंट-पत्थरों और डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण अशरफ की मौत हो गई।
वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था, जबकि वसीम फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह उत्तर प्रदेश चला गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार वसीम पानीपत लौट आया और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार ने बताया कि अशरफ हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया है।