रोहतक में जलभराव की समस्या बनी राजनीतिक अखाड़ा, हुड्डा के बाद ग्रोवर ने जाना लोगों का हाल

7/2/2022 9:24:56 PM

रोहतक(दीपक): मौसम की पहली ही बारिश से रोहतक में हुए जलभराव को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। पक्ष और विपक्ष दोनों ही नेता रोहतक के लोगों के पास जा रहे हैं। बीते दिन भी जहां नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया था। वहीं उनके बाद भाजपा पार्टी के नेता भी कोई कोर कसर नही छोड़ना चाहते। आज उन्ही इलाकों में भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर भी उच्च अधिकारियी के साथ पहुंचे और लोगों की समस्याएं जानी। वहीं मनीष ग्रोवर इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर आरोप लगाते नजर आए। उन्होंने जलभराव की समस्या का आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री को ही ठहरा दिया।

पूर्व मंत्री ने कहा कांग्रेस के 10 साल के कार्यकाल का नतीजा है रोहतक में जलभराव

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा में 10 साल तक कांग्रेस का शासन था, जिसमें प्रॉपर्टी डीलरों ने तालाब पर कब्जा कर लिया। उसी की वजह से इन कॉलोनियों में जलभराव की समस्या बनी है। उन्होंने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर पब्लिक हेल्थ के कर्मचारी भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर साल नदी नाले व सीवर को साफ करने के लिए बजट लाती है, लेकिन कुछ कर्मचारियों की वजह से इस तरह की समस्याएं बनती हैं। वे इन कर्मचारियों की शिकायत करेंगे और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी करेंगे।

गौरतलब है कि एक दिन की बारिश के कारण शहर की गीता कॉलोनी, महावीर कॉलोनी सहित कई कॉलोनियों में पानी भर गया था, जिसको लेकर बीते दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोगों के पास पहुंचे और सरकार पर जमकर बरसे थे। यहां तक की भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए थे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Vivek Rai